



नई’दिल्ली/विवेकानंद वशिष्ठ:- पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भारतीय अर्थव्यवस्था को डेड इकोनॉमी बताए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि देश की आर्थिक प्रगति पर सवाल उठाने और निराशा फैलाने के बजाय विपक्ष को जमीनी हकीकत स्वीकार करनी चाहिए।

राहुल गांधी के डेड इकोनॉमी वाले बयान पर पलटवार, कहा- देश की आर्थिक उपलब्धियों पर निराशा फैलाने के बजाय विपक्ष को सच्चाई स्वीकार करनी चाहिए



उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि रिकॉर्ड GST संग्रह, दिवाली के दौरान ऐतिहासिक कारोबार, मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार और नियंत्रित महंगाई भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था का प्रमाण हैं।






अनुराग ठाकुर ने कहा कि अक्टूबर 2026 में देश का सकल GST संग्रह ₹2.31 लाख करोड़ के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 22.9 प्रतिशत अधिक है। इसके साथ ही अक्टूबर में 15.621 करोड़ ई-वे बिल जारी होना देश में बढ़ती आर्थिक गतिविधियों, व्यापारिक लेन-देन और माल की आवाजाही का स्पष्ट संकेत है। ये आंकड़े बताते हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था निरंतर विस्तार कर रही है और विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है।



उन्होंने कहा कि नवंबर 2026 में दिवाली के अवसर पर देशभर में ₹7 लाख करोड़ से अधिक का कारोबार होना भारतीय उपभोक्ताओं की बढ़ती क्रय शक्ति और बाजार की मजबूती को दर्शाता है। खास बात यह है कि इस कारोबार में छोटे व्यापारियों, पारंपरिक बाजारों और टियर-3 शहरों की महत्वपूर्ण भागीदारी रही। ऐसे में भारतीय अर्थव्यवस्था को मृत बताने वाले बयान न केवल तथ्यों से परे हैं, बल्कि देश की मेहनतकश जनता, व्यापारियों और उद्यमियों के योगदान का भी अपमान हैं।





अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी देश की अर्थव्यवस्था को लेकर देश और विदेश में नकारात्मक विमर्श खड़ा करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि भारत का विदेशी मुद्रा भंडार अक्टूबर 2026 के अंतिम सप्ताह तक 717 अरब डॉलर से अधिक के मजबूत स्तर पर बना हुआ है। नियंत्रित महंगाई और मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार देश को वैश्विक आर्थिक चुनौतियों से निपटने की क्षमता प्रदान करते हैं। इसका सीधा लाभ आम नागरिकों और परिवारों को मिलता है।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए संरचनात्मक आर्थिक सुधारों, पारदर्शी प्रशासन, डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार और देशवासियों की मेहनत ने भारत को वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित किया है। यह उपलब्धि किसी संयोग का परिणाम नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों, करदाताओं, व्यापारियों, किसानों, उद्यमियों और श्रमिकों के सामूहिक परिश्रम का प्रतिफल है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि विपक्ष को राजनीतिक लाभ के लिए देश की उपलब्धियों पर सवाल उठाने के बजाय सकारात्मक आर्थिक बदलावों को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने देशवासियों को आर्थिक प्रगति के इस स्वर्णिम दौर के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में नए कीर्तिमान स्थापित करता रहेगा।









































