



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरुक करने के लिए शिक्षण संस्थानों में गठित मतदाता साक्षरता क्लबों (ईएलसी) के माध्यम से निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं।

भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार शिक्षण संस्थानों के स्तर पर इन प्रतियोगिताओं के आयोजन के बाद जिला हमीरपुर के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के स्तर पर भी ये प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं। इसके बाद 18 नवंबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।



18 को सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर में आयोजित की जाएंगी जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं






एडीसी अभिषेक गर्ग ने वीरवार को निर्वाचन विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करके जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी में जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों से 10-10 टॉप प्रतिभागी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।



एडीसी अभिषेक गर्ग ने की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश





एडीसी ने निर्वाचन विभाग के अधिकारियों, सेकेंडरी शिक्षा उपनिदेशक और शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर की प्रधानाचार्य को इन प्रतियोगिताओं के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के 10-10 टॉप प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा।


बैठक में निर्वाचन विभाग के तहसीलदार विजय शर्मा, सेकेंडरी शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा, प्रधानाचार्य दीप्ति राणा, निर्वाचन विभाग के नायब तहसीलदार बलवंत सिंह और डॉ. ललित कुमार, अधीक्षक कमलदीप सिंह तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।









































