



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भोरंज की पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा कमलेश कुमारी ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के चार वर्ष हवा में तीर चलाते-चलाते ही बीत गए।


सत्ता में आने से पहले जनता से बड़े-बड़े वादे और दस गारंटियां देने वाली कांग्रेस सरकार आज तक अपनी अधिकांश गारंटियों को धरातल पर उतारने में विफल रही है।



कमलेश कुमारी ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने के लिए प्रदेश की जनता को अनेक प्रलोभन दिए थे। युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आर्थिक सहायता, किसानों-बागवानों को राहत और प्रदेश के समग्र विकास के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन आज जनता इन वादों का हिसाब मांग रही है।






सरकार की घोषणाएं लगातार होती रहीं, लेकिन आम जनता को उनका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया।



उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार स्वयं चिंता जताती रही है। इसके बावजूद विकास कार्यों की गति, रोजगार के अवसरों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर सरकार जनता के सामने संतोषजनक तस्वीर प्रस्तुत नहीं कर पाई है।





कमलेश कुमारी ने कहा कि सरकार का चार वर्ष का कार्यकाल किसी भी सरकार की कार्यशैली और उपलब्धियों का आकलन करने के लिए पर्याप्त होता है। लेकिन कांग्रेस सरकार आज भी अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए घोषणाओं और प्रचार का सहारा ले रही है।


उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जागरूक जनता अब केवल भाषण और आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर विकास कार्य देखना चाहती है। कांग्रेस सरकार को अपनी उपलब्धियों का ढिंढोरा पीटने के बजाय जनता को यह बताना चाहिए कि चुनाव के समय दी गई गारंटियों में से कितनी पूरी हुईं और प्रदेश के विकास के लिए वास्तव में क्या किया गया।
कमलेश कुमारी ने कहा कि हवा में तीर चलाने से प्रदेश का विकास नहीं होता। विकास के लिए मजबूत इच्छाशक्ति, स्पष्ट नीति और धरातल पर काम करने की आवश्यकता होती है। कांग्रेस सरकार को अब घोषणाओं की राजनीति छोड़कर जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।








































