



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- नवदीप पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल गलोड़ में आज दो दिवसीय वार्षिक पारितोषिक समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उपभोक्ता आयोग के पूर्व सदस्य एवं एडवोकेट सुशील शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।


कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, क्विज सहित विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया गया। वहीं, बच्चों ने विज्ञान, हिंदी व्याकरण, गणित और अंग्रेजी विषयों पर आधारित आकर्षक मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।




मुख्य अतिथि एडवोकेट सुशील शर्मा ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की।







खास बात यह रही कि जहां विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न पहलुओं को मॉडल के माध्यम से दर्शाया, वहीं रामायण और भगवान गणपति से संबंधित मॉडल प्रस्तुत कर भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक भी दिखाई।



इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।मुख्य अतिथि एडवोकेट सुशील शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर जीवन की किसी भी मंजिल को हासिल किया जा सकता है।





उन्होंने कहा कि अनुशासित विद्यार्थी जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करते हैं। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि साधारण परिवार से निकलकर भी व्यक्ति अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर देश की सर्वोच्च उपलब्धियां हासिल कर सकता है।


उन्होंने स्कूल में विज्ञान और संस्कृति के अद्भुत संगम की सराहना करते हुए कहा कि एक ओर विद्यार्थियों ने विज्ञान के मॉडल तैयार किए हैं, तो दूसरी ओर रामायण और भगवान गणपति से जुड़े मॉडल के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित किया है। यह बच्चों के सर्वांगीण विकास का अच्छा उदाहरण है।
सुशील शर्मा ने विद्यार्थियों को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए।
कोई भी वस्तु खरीदते समय उसका पक्का बिल अवश्य लेना चाहिए। विशेष रूप से बच्चों को खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी एक्सपायरी डेट जरूर जांचनी चाहिए, ताकि वे सुरक्षित और जागरूक उपभोक्ता बन सकें।
इस अवसर पर स्कूल के एमडी अनिल वर्मा, स्कूल की अध्यक्ष श्रीमती सरोज वर्मा, प्रधानाचार्य अक्षत ठाकुर तथा मुख्य अध्यापिका डिंपल ठाकुर सहित स्कूल के शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।








































