



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हमीरपुर के एक क्षेत्र में परिवार सहित क्वार्टर में रहने वाली 11वीं कक्षा की लापता नाबालिग छात्रा को पुलिस ने शुक्रवार देर शाम सफलतापूर्वक ट्रेस आउट कर लिया है। पुलिस टीम ने छात्रा को प्रताप नगर स्थित उसके एक दोस्त के घर से सकुशल बरामद किया है।

क्या था पूरा घटनाक्रम?



मिली जानकारी के मुताबिक, एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली यह छात्रा वीरवार को माता-पिता द्वारा डांटे जाने की शिकायत लेकर पुलिस थाने पहुंची थी। इसके उपरांत पुलिस ने माता-पिता को थाने बुलाकर उनसे पूछताछ की और दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर मामले को सुलझाया।






हमीरपुर से लापता नाबालिग छात्रा को पुलिस ने किया ट्रेस, प्रताप नगर में दोस्त के घर से बरामद



काउंसलिंग के बाद छात्रा खुशी-खुशी अपनी मां के साथ बस अड्डे पहुंची, लेकिन वहां से मां को कोई बहाना बनाकर गायब हो गई। उधर, थाने से निकलने के बाद छात्रा के पिता अपनी ड्यूटी पर चले गए थे। मां को लगा कि बेटी खुद ही क्वार्टर चली गई होगी, लेकिन जब वह घर पहुंचीं तो बेटी वहां नहीं मिली। उसका फोन भी बंद आ रहा था और संदेह होने पर जब तलाशी ली गई, तो घर से एक पत्र भी बरामद हुआ था।





पुलिस की त्वरित कार्रवाई:


परिजनों की सूचना के बाद पुलिस ने तुरंत टीमों का गठन कर संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। सीडीआर (CDR) और सोशल मीडिया अकाउंट्स की तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार देर शाम छात्रा को प्रताप नगर में उसके एक दोस्त के घर से ट्रेस आउट कर लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश उपाध्याय ने बताया कि लापता छात्रा को पुलिस टीम ने शुक्रवार देर शाम प्रताप नगर से सकुशल बरामद कर लिया है और पुलिस द्वारा आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।









































