



कर्नाटक/विवेकानंद वशिष्ठ:- पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज कर्नाटक के विजयपुरा जिले के तालिकोटी में राजपूत समाज एवं स्थानीय निवासियों द्वारा आयोजित भव्य समारोह में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया।


इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन धर्म, मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा के लिए किए गए अद्वितीय संघर्ष, त्याग और शौर्य की अमर गाथा है।




उन्होंने राजमहलों का वैभव त्यागकर जंगलों में कठिन जीवन व्यतीत किया, लेकिन अपने सिद्धांतों और स्वाभिमान से कभी समझौता नहीं किया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और दृढ़ संकल्प की प्रेरणा देता रहेगा।







उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज, रानी चेन्नम्मा और राजा कृष्णदेवराय जैसे महान नायकों ने सनातन संस्कृति, राष्ट्रधर्म और मातृभूमि के सम्मान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। इन महापुरुषों ने समाज को एकजुट कर विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध संघर्ष किया।



अनुराग ठाकुर ने इतिहास लेखन में भारतीय वीर योद्धाओं के योगदान की अनदेखी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आक्रांताओं का महिमामंडन और भारतीय शासकों के शौर्य को नजरअंदाज करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राजपूत होना केवल एक सामाजिक पहचान नहीं, बल्कि समाज सेवा, राष्ट्र रक्षा और सनातन धर्म के संरक्षण का दायित्व भी है।





वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें विदेशी समर्थन के सहारे देश के लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। चुनावी जनादेश पर सवाल उठाने वालों को आत्ममंथन करना चाहिए। जनता का विश्वास सोशल मीडिया की रील और सेल्फी से नहीं, बल्कि जनसेवा और कार्यों से जीता जाता है।


उन्होंने कहा कि मुगल और अंग्रेज आए और चले गए, लेकिन सनातन संस्कृति सदियों से अडिग है और सदैव अक्षुण्ण रहेगी। उन्होंने देशवासियों से राष्ट्रहित में एकजुट होकर भारत की एकता, अखंडता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के बीच अनुराग ठाकुर ने राजपूत समाज एवं तालिकोटी के निवासियों का भव्य आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।








































