गुवाहाटी में आयोजित 8वीं ए.एफ.एस. (AFS) राष्ट्रीय बैठक में हिम अकादमी स्कूल की शानदार सहभागिता

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर, हमीरपुर के विद्यार्थियों ने 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक गुवाहाटी, असम में आयोजित 8वीं ए.एफ.एस. (AFS) राष्ट्रीय बैठक में उत्साहपूर्वक भाग लेकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

 

इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देशभर के लगभग 65 विद्यालयों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सीखने, आपसी संवाद तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करना था।

 

इस अवसर पर विद्यालय की ओर से कक्षा ग्यारहवीं के तीन विद्यार्थियों अरनव बड़वाल, आरोन संग्राई और देवाशीष शौर्य ने शिक्षक आकर्ष शर्मा के मार्गदर्शन में भाग लिया। राष्ट्रीय बैठक के दौरान विद्यार्थियों ने सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण, वैश्विक उत्तरदायित्व एवं अंतर-सांस्कृतिक शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर बहुमूल्य जानकारी प्राप्त की।

 

उन्होंने विभिन्न संस्कृतियों, परंपराओं और जीवनशैलियों के प्रति सम्मान, आपसी समझ तथा सहयोग के महत्व को जाना। देश के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों के साथ संवाद ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया और उनमें वैश्विक नागरिकता की भावना विकसित की।

 

 

शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ विद्यार्थियों को गुवाहाटी के प्रसिद्ध धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों को देखने का अवसर भी मिला। उन्होंने पवित्र माँ कामाख्या देवी मंदिर में दर्शन कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।

 

इसके अतिरिक्त, उन्होंने ब्रह्मपुत्र नदी के मध्य स्थित मयूर द्वीप पर भगवान शिव को समर्पित ऐतिहासिक उमानंद मंदिर के दर्शन किए। मयूर द्वीप विश्व के सबसे छोटे आबाद नदी द्वीप के रूप में प्रसिद्ध है।

 

इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने गुवाहाटी की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय परंपराओं और ऐतिहासिक महत्व को भी करीब से जाना। इस अनुभव ने उन्हें कक्षा-कक्ष की शिक्षा से परे व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया।

 

8वीं ए.एफ.एस. राष्ट्रीय बैठक में विद्यालय की सहभागिता विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं यादगार रही। इस आयोजन से प्राप्त अनुभव और ज्ञान उनके व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सकारात्मक सोच तथा वैश्विक जागरूकता को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होंगे।

 

हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर, सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं शिक्षक श्री आकर्ष शर्मा को इस सफल सहभागिता के लिए बधाई देता है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।

 

[post-views]