राज्य स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में हिम अकादमी स्कूल के विद्यार्थियों ने लहराया परचम, प्रार्थना सभा में हुए सम्मानित

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल विकास नगर के विद्यार्थियों ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अर्की (सोलन) में आयोजित अंडर-19 राज्य स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

विद्यार्थियों ने शास्त्रीय गायन एवं भाषण प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। शास्त्रीय गायन प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थी अथर्व चौहान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

 

उनकी प्रस्तुति में अधृत ने हारमोनियम तथा सक्षम संधू ने तबले पर संगत की। वहीं, इसी प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा सेजल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उनकी प्रस्तुति में श्रेया ने हारमोनियम तथा नताश ने तबले पर शानदार संगत देकर अपनी संगीत प्रतिभा का परिचय दिया।

 

इसके अतिरिक्त, भाषण प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थी मोहम्मद रिजवान ने राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। उन्होंने अपनी प्रभावशाली वक्तृत्व कला, आत्मविश्वास एवं उत्कृष्ट अभिव्यक्ति कौशल का परिचय दिया।

 

विद्यार्थियों की इन उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के लिए विद्यालय प्रार्थना सभा में अकादमिक प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा, हेडमिस्ट्रेस श्रीमती कंचन लखनपाल एवं कोऑर्डिनेटर  मनीषा मारवाह ने सभी उपलब्धि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

 

कार्यक्रम में DSW  संजीव कुमार भी उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी तथा उनके परिश्रम, समर्पण और प्रतिभा की सराहना की।

 

साथ ही, विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

 

[post-views]