



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिमाचल प्रदेश के पालमपुर निवासी और एनआईटी हमीरपुर के छात्र चिराग मेहरा ने समुद्र में फैलने वाले तेल प्रदूषण को कम करने के लिए एक अनोखी रोबोटिक बोट का प्रोटोटाइप तैयार किया है।

इसका नाम सोरबेंट सेमी-ऑटोनॉमस मरीन ड्रिफ्टर (SSAMD) रखा गया है। यह बिना किसी रसायन के पानी की सतह से तेल को अलग करके अपने टैंक में इकट्ठा कर सकती है।



बोट में विशेष घूमने वाली स्टील डिस्क लगाई गई हैं, जो पानी पर फैले तेल को अपनी सतह पर चिपकाती हैं। इसके बाद स्क्रेपर की मदद से तेल को अलग कर संग्रह टैंक में पहुंचाया जाता है।






करीब 1 से 1.5 फीट के इस शुरुआती मॉडल को बनाने में लगभग 5 हजार रुपये खर्च हुए हैं। बड़े आकार की बोट तैयार करने में करीब 1.5 से 2 लाख रुपये लगने का अनुमान है।



भविष्य में इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), कैमरों और सौर ऊर्जा से जोड़ने की योजना है। इस तकनीक से समुद्री प्रदूषण कम करने और जलीय जीवों की सुरक्षा में मदद मिलने की उम्मीद है।





चिराग के इस नवाचार को एनआईटी हमीरपुर में आयोजित शिक्षा महाकुंभ में सर्वश्रेष्ठ प्रोटोटाइप की सूची में भी स्थान मिला है।











































