नवजात शिशुओं की जीवनरक्षक देखभाल पर चार दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय हमीरपुर के कॉन्फ्रेंस हॉल में 18 से 21 नवंबर 2026 तक फैसिलिटी बेस्ड न्यूबॉर्न केयर (Facility Based Newborn Care – FBNC) के अंतर्गत चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

इसमें हमीरपुर जिला स्वास्थ्य विभाग के मेडिकल ऑफिसर्स (MOs) एवं स्टाफ नर्सों को नवजात शिशुओं की गुणवत्तापूर्ण एवं जीवनरक्षक देखभाल के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।

 

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर डॉ. सतीश कुमार फोतेदार के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीपीओ डॉ. आकृति अग्निहोत्री एवं डॉ. नेहा पटियाल प्रशिक्षण समन्वयक (Training Coordinators) के रूप में अपनी भूमिका निभा रही हैं तथा प्रशिक्षण के सफल संचालन एवं समन्वय में सहयोग कर रही हैं।

 

 

“प्रशिक्षण में TOT फैकल्टी के रूप में डॉ. पंचमकुमार प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष, बाल रोग विभाग, डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर तथा डॉ. आशुतोष, मेडिकल ऑफिसर स्पेशलिस्ट, द्वारा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

 

प्रशिक्षण के दौरान नवजात पुनर्जीवन (Newborn Resuscitation), तापमान प्रबंधन, स्तनपान एवं कम जन्म-वजन वाले शिशुओं की देखभाल, संक्रमण की रोकथाम, नवजात सेप्सिस, श्वसन संकट, हाइपोग्लाइसीमिया एवं शॉक के प्रबंधन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण चिकित्सकीय कौशलों का व्यावहारिक अभ्यास करवाया जा रहा है।

 

इसके अतिरिक्त स्किल स्टेशन, डेमोंस्ट्रेशन, केस स्टडी तथा प्री-टेस्ट एवं पोस्ट-टेस्ट जैसी गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों के ज्ञान एवं व्यावहारिक दक्षता का आकलन भी किया जा रहा है।

 

इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य कर्मियों की नवजात शिशुओं में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान, उचित प्रबंधन एवं सुरक्षित रेफरल की क्षमता को मजबूत करना है, ताकि गंभीर स्थिति वाले नवजात शिशुओं को आवश्यकता के अनुसार शीघ्र एवं प्रभावी उपचार मिल सके।

 

इसके साथ ही नवजात शिशुओं के सुरक्षित परिवहन तथा हाई-रिस्क नवजात शिशुओं के नियमित फॉलो-अप पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

 

इस प्रशिक्षण से आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा, क्योंकि प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा प्रसव के तुरंत बाद नवजात शिशुओं को बेहतर एवं सुरक्षित देखभाल उपलब्ध करवाई जा सकेगी।

 

इससे नवजात संबंधी जटिलताओं की समय पर पहचान, जीवनरक्षक उपचार एवं उचित रेफरल व्यवस्था में सुधार होगा तथा नवजात मृत्यु दर को कम करने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार ने नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल के लिए स्वास्थ्य कर्मियों के ज्ञान एवं व्यावहारिक कौशल को मजबूत करने के महत्व पर जोर दिया।

 

 

 

 

[post-views]