



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिला हमीरपुर डॉ. सतीश कुमार फोतेदार की अध्यक्षता में आज सीएमओ कार्यालय हमीरपुर के कॉन्फ्रेंस हॉल में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (National Tuberculosis Elimination Programme – NTEP) के अंतर्गत जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री सहित सभी खंड चिकित्सा अधिकारी तथा क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।



बैठक के दौरान जिला हमीरपुर में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों, कार्यक्रम की प्रगति एवं अब तक हासिल उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की गई।






इसके अतिरिक्त जिले में टीबी रोगियों की पहचान, जांच, उपचार तथा उन्हें उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।



बैठक में टीबी उन्मूलन के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से प्राप्त करने के लिए आवश्यक गतिविधियों एवं भावी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।






अधिकारियों ने कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय तथा टीबी उन्मूलन के प्रयासों को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया।


इस अवसर पर टीबी मरीजों को पोषण एवं अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से अधिक से अधिक नए निक्षय मित्र बनाने पर भी बल दिया गया। इस दिशा में पहल करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार ने एक टीबी मरीज को गोद लेकर उसके उपचार एवं पोषण संबंधी सहयोग की जिम्मेदारी ली।

वहीं, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने चार टीबी मरीजों को गोद लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिला हमीरपुर में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति का आकलन करना, कार्यक्रम के तहत चल रही गतिविधियों को गति प्रदान करना तथा सामूहिक प्रयासों के माध्यम से जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाना रहा।










































