



राजनीति के चक्कर में वर्दी भूल गए सुजानपुर के विधायक, कुर्सी याद रही: राजेंद्र राण

कहा : फौजी होकर सेना के अपमान पर घुटने टेकना, अपमान से भी बड़ा अपराध



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा है कि विधानसभा में भारतीय सेना पर की गई टिप्पणी पर अब बहस मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान की नहीं रही, अब बहस इस बात की है कि एक फौजी ने उस बयान के सामने घुटने क्यों टेक दिए।






फौजी होकर सेना के अपमान पर घुटने टेकना, अपमान से भी बड़ा अपराध



जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के वयोवृद्ध मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने तो अपनी फौजी आत्मा जिंदा रखी। उन्होंने सरकार और नेगी को नसीहत दे दी।






उम्र में बड़े होने के बावजूद उन्होंने वर्दी का कर्ज निभाया। लेकिन दुख इस बात का है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू उनकी नसीहत को भी दबाकर नेगी का बचाव कर रहे हैं।


इससे भी ज्यादा पीड़ादायक सुजानपुर के विधायक आनरेरी कैप्टन रणजीत सिंह राणा का रुख है। जो आदमी कैप्टन की वर्दी पहनकर आया हो, जो खुद सेना में रहकर आया हो, वो मीडिया में जगत सिंह नेगी द्वारा अपनी सफाई देने के दौरान उनके साथ खड़े होकर उनका पक्ष लेते रहे।

यह साथ देना नहीं है, बल्कि वर्दी के सम्मान से समझौता है। उन्होंने कहा कि विधायक को समझना चाहिए कि राजनीति में कुर्सी आती-जाती रहती है, लेकिन वर्दी का सम्मान एक बार चला गया तो वापस नहीं आता। सुजानपुर की जनता ने उनको कैप्टन समझकर चुना था, मंत्री का भक्त समझकर नहीं।
आज जब सेना के शौर्य पर सवाल उठा, तो उनको सबसे पहले खड़ा होना चाहिए था, लेकिन वे तो सबसे पीछे जाकर खड़े हो गए। राणा ने कहा कि हिमाचल वीरों की भूमि है। यहां हर घर से कोई न कोई जवान सीमा पर है।

सुजानपुर तो सैनिकों का गढ़ है। यहां के हर गांव में शहीदों के नाम की पट्टिकाएं लगी हैं। जब उन शहीदों की माताएं टीवी पर यह देखती हैं कि उन्हीं का एक फौजी बेटा सेना का अपमान करने वाले के साथ खड़ा है, तो उनके दिल पर क्या बीतती होगी? इसका जवाब कैप्टन रणजीत सिंह को देना होगा।

उन्होंने सवाल उठाए कि विधायक अपनी स्थिति स्पष्ट करें कि सेना पर विवादित टिप्पणी पर यह मौन सहमति क्यों है? अगर मंत्री का विरोध नहीं कर सकते थे, तो कम से कम उनके साथ खड़े होकर उनका पक्ष भी नहीं लेते? क्या उनके लिए विधायक की कुर्सी, कैप्टन की वर्दी से बड़ी हो गई है? राजेंद्र राणा ने कहा कि जगत सिंह नेगी से तो वह सवाल पूछ ही रहे हैं, लेकिन कैप्टन रणजीत सिंह से सवाल उससे भी बड़ा है।
क्योंकि नेगी ने तो कभी वर्दी पहनी ही नहीं, उनको सेना के दर्द का पता ही नहीं। लेकिन विधायक तो उसी वर्दी से राजनीति में आए हैं। वो कैसे भूल गए कि कारगिल में, गलवान में और ऑपरेशन सिंदूर में हमारे जवानों ने क्या किया है? उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन जब बात सेना के सम्मान की हो, तो फौजी को फौजी ही रहना पड़ता है।
लेकिन विधायक तो उस वक्त भी अपनी राजनीति बचा रहे हैं और सेना का समर्थन करने की बजाय पीठ दिखाकर भाग रहे हैं। ये सब सुजानपुर की जनता देख और समझ रही है तथा इस बात का हिसाब जरूर करेगी कि संकट की घड़ी में उनका विधायक कैप्टन सेना के साथ खड़ा था या फिर कुर्सी के मोह में मौन हो गया था।








































