हिम अकादमी में “काइंडनेस मंथ” का शुभारंभ: मूल्यों से जुड़ेगा हर विद्यार्थी 

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  हिम अकादमी पब्लिक स्कूल विकास नगर में आज “काइंडनेस मंथ” का शुभारंभ बड़े उत्साह के साथ किया गया। इस पहल को “काइंडनेस चैलेंज मंथ” के रूप में मनाया जाएगा, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को दया, करुणा और मानवीय मूल्यों से जोड़ना है।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा में सुंदर भजन और प्रेरणादायक वातावरण के साथ हुई। इस अवसर पर श्रीमती पूजा शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक कविता, उत्साहवर्धक पंक्तियाँ और एक प्रेरक कहानी के माध्यम से जीवन में दया और सहानुभूति के महत्व को समझाया।

 

साथ ही उन्होंने सभी विद्यार्थियों को काइंडनेस चैलेंज की शपथ भी दिलवाई। इस पूरे माह के दौरान विद्यार्थियों को प्रतिदिन काइंडनेस से जुड़ी गतिविधियाँ दी जाएँगी, जिनसे वे अपने व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाएँगे।

 

कक्षा तीसरी से आठवीं तक के विद्यार्थी विशेष रूप से एक सुंदर “काइंडनेस नोटबुक” तैयार करेंगे, जिसमें वे अपने दिनभर के कार्य, अच्छे व्यवहार और रचनात्मक गतिविधियों का विवरण लिखेंगे।

 

इस पहल में अभिभावकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। वे विद्यालय के माध्यम से बच्चों के व्यवहार में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों पर निरंतर फीडबैक देंगे।

 

इस प्रकार यह कार्यक्रम विद्यालय, विद्यार्थी और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास से सफल बनाया जाएगा। माह भर चलने वाले इस कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को उनके श्रेष्ठ आचरण और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।

 

साथ ही कुछ चयनित विद्यार्थियों को “काइंडनेस एंबेसडर” के रूप में घोषित किया जाएगा, जो अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा बनेंगे। यह पहल विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि संवेदनशील, जिम्मेदार और संस्कारवान नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

अध्यापकों और अभिभावकों के सहयोग से यह प्रयास बच्चों की शिक्षा को संपूर्ण और मूल्य-आधारित बनाने की ओर अग्रसर है।

 

[post-views]