आरक्षण और यूजीसी नियमों के विरोध में 29 अगस्त को हमीरपुर में धरना

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  देशभर में आरक्षण और यूजीसी के नियमों के विरोध में चल रहे आंदोलन के समर्थन में 29 अगस्त को हमीरपुर में राजपूत कल्याण सभा और राजपूत महासभा की ओर से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

भोटा चौक से रैली निकाल गांधी चौक पर करेंगे प्रदर्शन, डीसी के माध्यम से राष्ट्रपति को सौंपेंगे ज्ञापन

सभा ने इस प्रदर्शन में सामान्य वर्ग के साथ-साथ अन्य वर्गों और आर्थिक आधार पर आरक्षण के समर्थकों को भी शामिल होने का आह्वान किया है।

 

सभा के अनुसार 29 अगस्त को सुबह 10 बजे भोटा चौक से रैली निकाली जाएगी। रैली शहर के बाजार से होते हुए गांधी चौक पहुंचेगी, जहां धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद उपायुक्त हमीरपुर के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा जाएगा।

 

ज्ञापन में यूजीसी नियमों को रोलबैक करने, आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने, एससी-एसटी एट्रोसिटी एक्ट के कथित दुरुपयोग पर रोक लगाने तथा सरकारी स्तर पर जातिवाद समाप्त करने सहित विभिन्न मांगें उठाई जाएंगी।

 

सभा पदाधिकारियों ने कहा कि इस आंदोलन का उद्देश्य सामान्य वर्ग सहित सभी समुदायों के हितों से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष उठाना है। उन्होंने जिला भर के राजपूत समाज के लोगों के साथ-साथ तमाम सामान्य वर्ग के लोगों और विभिन्न संगठनों से रैली एवं धरने में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

 

इस संबंध में विशेष रूप से बुलाई गई बैठक के बाद राजपूत महासभा के महासचिव एवं राजपूत कल्याण सभा के अध्यक्ष जोगिंदर ठाकुर, महासभा के वित्त सचिव एवं कल्याण सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रविंद्र सकलानी, वित्त सचिव विनोद डडवाल, महासचिव अजय रनोथ, यशपाल मन्हास, प्रदीप ठाकुर, प्रवक्ता विक्रम ठाकुर, सदस्य महेंद्र भारद्वाज, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश बनयाल, धरम सिंह ठाकुर, कैप्टन पूर्ण कटोच, सुमित ठाकुर, उपाध्यक्ष राजीव ठाकुर और बंटी ठाकुर ने संयुक्त बयान जारी कर यह जानकारी दी।

 

उन्होंने कहा कि 29 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला भर में लोगों से संपर्क किया जा रहा है।

[post-views]