अभिभावक और विद्यालय की साझेदारी से संवरेगा विद्यार्थियों का भविष्य, एचएपीएस में सीबीएसई कार्यक्रम आयोजित

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के तत्वावधान में ‘शिक्षा के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना’ (Educating Parents about Education) विषय पर क्षमता संवर्धन कार्यक्रम (CBP) का सफल आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम का संचालन सीबीएसई की अनुभवी रिसोर्स पर्सन्स  कृतिका अबरोल एवं  रुचि अरोड़ा ने किया। इस कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से आए कुल 59 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर हिम अकादमी पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या इंजीनियर  नैना लखनपाल, अकादमिक प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा तथा प्रशासनिक अधिकारी  प्राकृत लखनपाल भी उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम में शिवा इंटरनेशनल स्कूल, डीएवी आलमपुर, मैक्स वर्ल्ड स्कूल बजौरा (कुल्लू), परमार्थ इंटरनेशनल स्कूल बैजनाथ, जेपी पब्लिक स्कूल समीरपुर, जी.एफ. सीनियर सेकेंडरी स्कूल नगरोटा बगवां तथा राजकीय बीएसएल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुंदरनगर सहित अनेक विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संवादात्मक गतिविधियों, विचार-विमर्श एवं रोचक सत्रों के माध्यम से शिक्षा में अभिभावकों की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला गया।

 

रिसोर्स पर्सन्स ने बताया कि बच्चे के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच प्रभावी संवाद, शिक्षा के प्रति अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी तथा घर में सकारात्मक एवं सहयोगपूर्ण वातावरण अत्यंत आवश्यक है।

 

उन्होंने इस बात पर बल दिया कि जब शिक्षक और अभिभावक मिलकर कार्य करते हैं, तो विद्यार्थियों के शैक्षणिक, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास को नई दिशा मिलती है।

 

प्रतिभागियों ने भी अपने अनुभव एवं विचार साझा किए, जिससे कार्यक्रम और अधिक ज्ञानवर्धक तथा उपयोगी बन गया। इस सहभागितापूर्ण पहल ने सभी को शिक्षा की प्रक्रिया में अभिभावकों की भूमिका को नए दृष्टिकोण से समझने का अवसर प्रदान किया।

 

कार्यक्रम का समापन सकारात्मक वातावरण में हुआ। इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच सशक्त साझेदारी ही विद्यार्थियों की सफलता, बेहतर संस्कारों और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।

 

कार्यक्रम ने शिक्षा को अधिक प्रभावशाली, समावेशी एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने की दिशा में एक सार्थक कदम प्रस्तुत किया।

 

[post-views]