अस्पताल – सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा हरोली टीम ने पोषण सप्ताह के तहत 406 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर किया जागरूक

ऊना/विवेकानंद वशिष्ठ:- हरोली प्रयास संस्था द्वारा संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा हरोली की टीम द्वारा 1 से 7 सितंबर तक मनाए जा रहे पोषण सप्ताह के तहत क्षेत्र के विभिन्न गांवों में स्वास्थ्य जांच एवं पोषण जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को संतुलित आहार, उचित पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।

इस दौरान गांव बालीवाल गवर्मेंट प्राइमरी स्कूल टाहिलवाल पूबोवाल गोन्दपुर जयचंद तथा बाथू में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। टीम द्वारा करीब 406 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा जरूरत के अनुसार उन्हें चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।

लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए दैनिक भोजन में हरी सब्जियां, मौसमी फल, दालें, दूध, साबुत अनाज एवं अन्य पोषणयुक्त खाद्य पदार्थ शामिल करने की सलाह दी गई। साथ ही जंक फूड और अत्यधिक तले-भुने खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने के लिए भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बुजुर्गों के लिए उचित पोषण के महत्व पर विशेष रूप से जानकारी दी गई। लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस पूरे अभियान को सफल बनाने में आशा वर्करों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। आशा वर्करों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य शिविरों तक पहुंचाने, लोगों को पोषण संबंधी जानकारी देने तथा विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों को उचित पोषण के प्रति जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके सहयोग से पोषण सप्ताह का संदेश अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों तक पहुंचाने में मदद मिली।

सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को उनके नजदीक ही स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को आसान बनाना तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

 

इस अभियान में सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा हरोली की टीम के डॉ. प्रदीप कुमार, रुचि, मनीष एवं निहाल सिंह ने अपनी सेवाएं दीं। टीम ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे संतुलित एवं पौष्टिक आहार को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और नियमित स्वास्थ्य जांच करवाएं। स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए पोषण के प्रति जागरूकता के साथ-साथ आशा वर्करों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जन प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है।

[post-views]