विधायक पद गरिमामय, आशीष शर्मा बोलने से पहले तथ्य जानें: सुनील कुमार, अजय शर्मा, राजेश आनंद एवं मनोज शर्मा

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  भाजपा के प्रदर्शन के दौरान सदर विधायक आशीष शर्मा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ जिस प्रकार की बयानबाजी की, वह उनकी घटिया मानसिकता को दर्शाती है।

कांग्रेस नेताओं ने भाजपा विधायक की बयानबाजी को बताया घटिया मानसिकता, कहा—सीएम पर आरोप सच हो तो हाईकोर्ट में शपथपत्र दें

यह बात यहां से जारी प्रेस विज्ञप्ति में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, APMC के अध्यक्ष अजय शर्मा जिला कांग्रेस महासचिव राजेश आनंद एवं रोगी कल्याण समिति के सदस्य मनोज शर्मा ने कही।

इन्होने कहा कि विधायक का पद गरिमामय होता है और जनप्रतिनिधि को अपना आचरण भी उसी के अनुरूप रखना चाहिए। प्रदेश के मुख्यमंत्री पर कोई भी बयान देने से पहले उन्हें तथ्यों की पूरी जानकारी होनी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि आशीष शर्मा को सिर्फ अपने ठेके, अपने क्रेशर और अपना परिवार दिखता है। आज तक उन्होंने विधानसभा के पटल पर इसके अलावा कोई गंभीर मुद्दा नहीं उठाया। दुनिया जानती है कि आशीष शर्मा भाजपा के पास कितने रुपये में ‘बिके’ हैं, जिसकी जांच पुलिस द्वारा अभी चल रही है। इसी कारण उन्हें बार-बार अटैची ही नजर आती है।

कांग्रेस नेताओं ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री पर लगाए जा रहे आरोपों में सच्चाई है, तो आशीष शर्मा उच्च न्यायालय में शपथपत्र देकर इसकी मांग करें।

इन नेताओं ने कहा कि आशीष शर्मा के बयानों में अपरिपक्वता साफ झलकती है। भाजपा के बड़े नेता उनकी इस अपरिपक्वता का फायदा उठा रहे हैं और उन्हें मुख्यमंत्री के खिलाफ ऐसी बयानबाजी करने के लिए उकसाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता आशीष शर्मा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि वे स्वयं ही ऐसे मुद्दे जनसभाओं में उठा सकते हैं।

[post-views]