



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- नेटाजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय, हमीरपुर में कॉलेज स्टूडेंट्स सेंट्रल एसोसिएशन (CSCA) सत्र 2026-27 का शपथ ग्रहण समारोह आज महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संगीता सिंह ने की।

एनएससीबीएम राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में सीएससीए (2026-27) शपथ ग्रहण समारोह आयोजित




कार्यक्रम के दौरान नवनिर्वाचित सीएससीए पदाधिकारियों एवं विभिन्न क्लबों व सोसायटी के प्रतिनिधियों को उनके पद एवं दायित्वों के निर्वहन के लिए शपथ दिलाई गई।







कनिका शर्मा ने सीएससीए अध्यक्ष पद की शपथ ली और विद्यार्थियों के हितों, महाविद्यालय के अनुशासन तथा सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को बढ़ावा देने के लिए पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।



सीएससीए के अन्य पदाधिकारियों में उपाध्यक्ष – लक्ष्मी देवी, सचिव – आस्था तथा संयुक्त सचिव – कृतिका ठाकुर शामिल हैं।





विभिन्न क्लबों एवं सोसायटी के लिए मनोनीत सदस्यों में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) से कुमारी तनु सुरेंद्र शर्मा एवं आकाश भारद्वाज, राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) से सुहानी भूषण एवं साहिल, रोवर्स एंड रेंजर्स से अनमोल कौंडल एवं पलक, सांस्कृतिक समिति से कशिश ठाकुर एवं ऋतिक कुमार, खेल समिति से अंकिता शर्मा एवं अनन्या शर्मा, ईको क्लब से उज्जवल ठाकुर तथा रेड रिबन क्लब से सिद्धांत पांडेय शामिल हैं। सभी सदस्यों ने अपने-अपने दायित्वों को ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ निभाने की शपथ ली।



इस अवसर पर सीएससीए अध्यक्ष कनिका शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें महाविद्यालय के विद्यार्थियों का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलना गर्व एवं जिम्मेदारी का विषय है।

उन्होंने कहा कि सीएससीए विद्यार्थियों और महाविद्यालय प्रशासन के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करेगी तथा छात्र हितों को प्राथमिकता देते हुए शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कार्य करेगी।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संगीता सिंह ने अपने संबोधन में नवनिर्वाचित सीएससीए टीम एवं सभी प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र संगठन महाविद्यालय जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। सीएससीए विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि सीएससीए केवल एक संगठन नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों और महाविद्यालय प्रशासन के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से विद्यार्थी अपनी समस्याओं, सुझावों एवं रचनात्मक विचारों को प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

प्राचार्या ने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास केवल कक्षा तक सीमित नहीं होता, बल्कि सांस्कृतिक, खेल, सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी से व्यक्तित्व का निर्माण होता है। उन्होंने सीएससीए टीम से महाविद्यालय में सकारात्मक वातावरण बनाने, विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने तथा विभिन्न गतिविधियों को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई सीएससीए टीम महाविद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देगी।
सीएससीए समिति के कन्वीनर डॉ. संजय कांगो ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं क्लबों-सोसायटी के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सीएससीए विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा एवं नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है। उन्होंने सभी सदस्यों से टीम भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पवन वर्मा ने प्रभावी एवं गरिमापूर्ण ढंग से किया। समारोह के अंत में धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए प्रोफेसर नीलम गुलेरिया ने प्राचार्या, समस्त शिक्षकगण, सीएससीए समिति के सदस्यों एवं उपस्थित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
नवनिर्वाचित सीएससीए पदाधिकारियों एवं विभिन्न क्लबों तथा सोसायटी के प्रतिनिधियों को शपथ दिलाने में प्रोफेसर नीलम गुलेरिया, डॉ. विजय, डॉ. सुमन, डॉ. पवन वर्मा, डॉ. संजय कानगो, डॉ. मुकुल, प्रोफेसर लवली एवं प्रोफेसर प्रशांत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह में महाविद्यालय के सभी संकाय सदस्य, जिसमें स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों एवं बी.वोक. के शिक्षक, सीएससीए समिति के सदस्य, विभिन्न क्लबों एवं सोसायटी के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन नवगठित सीएससीए टीम को सफल कार्यकाल की शुभकामनाओं के साथ हुआ।




