



भोरंज/हमीरपुर:- गांधी जयंती के उपलक्ष्य पर शुक्रवार को विकास खंड भोरंज की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित की जा रही ग्राम सभा के साथ-साथ खंड की 7 ग्राम पंचायतों जाहू, कक्कड़, भलवानी, बडैहर, पपलाह, धमरोल और धीरड़ में जलग्रहण घटक- प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना-2.0 के तहत सुधार उत्सव एवं सबकी योजना, सबका विकास अभियान भी आयोजित किया जाएगा।

खंड विकास अधिकारी रजत चौधरी ने बताया कि सुधार उत्सव के तहत भूमि अभिलेखों का डिजटिलीकरण एवं पारदर्शी प्रबंधन, समुदाय की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना, स्वयं सहायता समूहों का सुदृढ़ीकरण, आजीविका सुधार हेतु सतत विकास गतिविधियों का प्रचार-प्रसार, शिकायत निवारण प्रणाली को सरल एवं पारदर्शी बनाना, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण को सुदृढ़ करना जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल किए गए हैं।



इस कार्यक्रम को सबकी योजना, सबका विकास अभियान के साथ एकीकृत किया गया है, जिसका उद्देश्य धरातल पर जनभागीदारी से पंचायती विकास योजना को तैयार कर समावेशी एवं सतत विकास सुनिश्चित करना है।






खंड विकास अधिकारी ने सभी पंचायत जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों और आम लोगों से 2 अक्तूबर की ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील भी की।













