



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को मेरा युवा भारत (MY Bharat) हमीरपुर द्वारा सेवा पखवाड़ा (17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026) के तहत जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

सेवा पखवाड़ा के तहत श्रद्धांजलि, विशेष ग्राम सभा और स्वच्छता अभियान का आयोजन




इन कार्यक्रमों के माध्यम से महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ युवाओं और स्थानीय लोगों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया गया।







इस अवसर पर माय भारत हमीरपुर द्वारा सुप्रभात हेल्थ क्लब के सहयोग से महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।



उपस्थित लोगों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों को याद करते हुए उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।





इसी क्रम में मेरा युवा भारत केंद्र, हमीरपुर के सौजन्य से ग्राम पंचायत रोपा में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। ग्राम सभा में पंचायत प्रधान प्रार्थना देवी, उप प्रधान शशि पाल, सभी वार्ड सदस्य तथा खंड विकास कार्यालय एवं कृषि विभाग से अधिकारी अमन दीप शर्मा उपस्थित रहे। पंचायत क्षेत्र के लोगों ने भी ग्राम सभा में बढ़-चढ़कर भाग लिया।


ग्राम सभा के दौरान पंचायत क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों तथा आगामी विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। ग्रामीणों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों की ई-केवाईसी भी की गई। ग्राम सभा के उपरांत पंचायत भवन तथा आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
वहीं, भोरंज क्षेत्र में MY Bharat हमीरपुर के सौजन्य से युवक मंडल बधानी नोडल क्लब द्वारा सेवा पखवाड़ा के तहत स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान क्लब के सदस्यों एवं युवाओं ने सार्वजनिक स्थलों, रास्तों तथा आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
युवाओं ने लोगों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने, कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस दौरान युवाओं ने स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प भी लिया।
युवक मंडल बधानी नोडल क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज के प्रति युवाओं की जिम्मेदारी और सेवा भावना को मजबूत करने का माध्यम है। युवा शक्ति स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।

MY Bharat हमीरपुर द्वारा आयोजित इन विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता, जनभागीदारी, सामाजिक सेवा और ग्रामीण विकास का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों में युवाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों की भागीदारी ने सेवा पखवाड़ा के उद्देश्यों को जनस्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




