सुनील शर्मा बिट्टू ने मटाहणी में किया अंडर-17 खेल प्रतियोगिता का उदघाटन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हाई स्कूलों के छात्रों की जिला स्तरीय अंडर-17 खेलकूद प्रतियोगिता शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मटाहणी में आरंभ हो गई। इस प्रतियोगिता में वॉलीबाल, बैंडमिंटन और कबड्डी की स्पर्धाएं करवाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने इस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने खिलाड़ियों के लिए घोषित किए हैं करोड़ों के ईनाम

इस अवसर पर आयोजन समिति, टीम प्रभारियों और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों का बहुत ज्यादा महत्व होता है, क्योंकि ये गतिविधियांे के माध्यम से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है।

सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश का कार्यभार संभालते ही स्कूली खिलाड़ियों की डाइट मनी में दोगुणा से ज्यादा वृद्धि करके इसे 250 रुपये कर दिया था।

 

उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले स्कूली खिलाड़ियों के लिए उच्च श्रेणी की रेल यात्रा और आवश्यकता पड़ने पर हवाई यात्रा का भी प्रावधान किया है।

 

ओलंपिक खेलों, एशियाई, राष्ट्रमंडल और अन्य अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं के लिए मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये के नकद पुरस्कार घोषित किए हैं। अभी जापान में चल रही एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले हिमाचली खिलाड़ियों को भी अब करोड़ों रुपये के नकद ईनाम दिए जाएंगे।

सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि नादौन में अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम को निर्माण कार्य पूरा होने वाला है, जिसमें 14 खेलों के लिए वर्ल्ड क्लास सुविधाओं का प्रावधान किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमीरपुर को मेडिकल कालेज, नर्सिंग कालेज, डेंटल कालेज, अलाइड हैल्थ सर्विसेज कालेज, कैंसर संस्थान, डेडिकेटड साइंस कालेज, बस स्टैंड और कई अन्य बड़ी परियोजनाएं स्वीकृत की हैं। इससे जिला को एक नई पहचान मिल रही है।

इससे पहले, मेजबान पाठशाला की प्रधानाचार्य नीश तोमर और एडीपीईओ राजेंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, टीम प्रभारियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

उदघाटन समारोह में एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, सेकेंडरी शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा, सेवानिवृत्त उपनिदेशक रेणु कौशल, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य मुश्ताक मोहम्मद और संजीव चोपड़ा, एसएमसी की प्रधान सुमना कुमारी, पूर्व एसएमसी प्रधान संजीव शर्मा और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

 

 

 

 

[post-views]