



आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, आलमपुर, ज़िला काँगड़ा हिमाचल प्रदेश में दिनांक 7 अक्तूबर को कक्षा तीसरी से पाँचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए अंतर-सदनीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और उमंग के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे l



प्रतियोगिता को विद्यार्थियों की कक्षाओं के आधार पर तीन स्तरों में विभाजित किया गया था। विद्यार्थियों ने निर्धारित विषयों पर अपने विचार अत्यंत प्रभावशाली, स्पष्ट एवं आत्मविश्वासपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किए।






उनकी ओजस्वी वाणी, अभिव्यक्ति-कौशल और प्रस्तुति ने उपस्थित सभी श्रोताओं का मन मोह लिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी प्रभावशाली वाणी, विषय की स्पष्ट समझ और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति से यह सिद्ध कर दिया कि उनमें अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने की अद्भुत क्षमता है।


प्रथम स्तर में कक्षा तीसरी की सारिका ने प्रथम स्थान, कक्षा तीसरी की ही अनवी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया l




इसी प्रकार द्वितीय स्तर में कक्षा चौथी की समायरा ने प्रथम स्थान, कक्षा चौथी की ही हर्षिता ने द्वितीय स्थान हासिल किया। तृतीय स्तर में कक्षा पाँचवीं की प्रनीति ने प्रथम स्थान, कक्षा पाँचवीं की ही नव्या जमवाल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।


इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, तार्किक चिंतन तथा मंच पर अपनी बात रखने की कला का विकास करना था। कार्यक्रम के अंत में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुरजीत कुमार राणा जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भाषण प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मंच पर अपने विचारों को स्पष्ट एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है तथा उनके संचार कौशल का विकास होता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार की गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया और सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।





