



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास, सांस्कृतिक विविधता और रचनात्मकता से परिपूर्ण वातावरण में किया गया।


समारोह में 350 विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटिका, अभिनय और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।




कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की बहुमुखी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और शैक्षिक उद्देश्यों को प्रोत्साहित करना रहा।







समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुनीष डडवाल पुलिस अधीक्षक SP, SV ACV (हमीरपुर) ने शिरकत की। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।




इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष इंजीनियर आर.सी. लखनपाल, वाइस चेयरपर्सन चंद्रप्रभा लखनपाल, डायरेक्टर पंकज लखनपाल, प्रधानाचार्या इंजीनियर नैना लखनपाल, अकादमिक प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा, उपप्रधानाचार्य अश्विनी कुमार तथा मुख्य अध्यापिका कंचन लखनपाल सहित विद्यालय प्रबंधन के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।






कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के स्वागत भाषण का दायित्व वंशिका लखनपाल ने निभाया। समारोह का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ, जिसे कक्षा छठी के विद्यार्थियों ने प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।


इसके पश्चात कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों ने विभिन्न रसों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। कक्षा छठी के विद्यार्थियों ने शृंगार रस, कक्षा तीसरी-ब की छात्राओं ने हास्य रस, कक्षा छठी-ब के छात्रों ने रौद्र रस तथा कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों ने भयानक रस की प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं।
कक्षा छठी-सी के छात्र-छात्राओं ने वीर रस का सजीव चित्रण कर साहस, पराक्रम और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भारतीय पौराणिक कथाओं और साहित्य को भी मंच पर जीवंत किया।
समुद्र मंथन पर आधारित प्रस्तुति तथा यूवी एक्ट ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, कक्षा चौथी के विद्यार्थियों ने शिक्षा के महत्त्व पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर ज्ञान, संस्कार और शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों ने ‘करण, शौर्य और त्याग की गाथा’ के माध्यम से वीरता, समर्पण और बलिदान के मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। समारोह में मनोरंजन के साथ ज्ञानवर्धक गतिविधियों का भी समावेश रहा।

पहाड़ी पहेलियों, गेसिंग गेम और कार्यक्रम के बीच प्रस्तुत रोचक गतिविधियों ने दर्शकों को खूब आनंदित किया। इसके अतिरिक्त, तेनालीराम पर आधारित नाटिका ने अपनी बुद्धिमत्ता, चतुराई और हास्यपूर्ण संवादों से सभी का मन मोह लिया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि का परिचय श्रीमती सविता ने प्रस्तुत किया गया।
विद्यार्थी मंच संचालकों अंजलि, प्रेषिता, निवेदिता, विशेष और प्रिशा ने अपने प्रभावशाली संचालन से कार्यक्रम को आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाया।
विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट अंग्रेज़ी की पीजीटी अध्यापिका निशा ने प्रस्तुत की, जिसमें विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और विद्यार्थियों की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलताओं का विवरण दिया गया।
मुख्य अतिथि के संबोधन ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, निरंतर परिश्रम करने और जीवन में उच्च आदर्श अपनाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह को सफलतापूर्वक आयोजित करने में इवेंट कोऑर्डिनेटर पूजा ठाकुर तथा इवेंट मैनेजर सीमा ठाकुर का विशेष योगदान रहा। उनकी योजनाबद्ध व्यवस्था और समन्वय से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बना।
अंत में सविता ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, विद्यालय प्रबंधन, अध्यापकों, अभिभावकों तथा विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह वार्षिकोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक चेतना का प्रेरणादायक उदाहरण बना।
समारोह ने यह संदेश दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनमें जीवन-मूल्यों का संवर्धन करना भी है।




