टिक्कर-सनेड़ और फाफन के संपर्क मार्गों का ₹30 लाख रुपये से होगा पुनर्निर्माण

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- उखली पंचायत के भगोट वार्ड में आज जनसंपर्क अभियान के तहत पहुँचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा का ग्रामीणों ने स्वागत किया। ग्रामीणों ने टिक्कर-सनेड़ और फाफड़ा गाँवों के संपर्क मार्गों के पुनर्निर्माण के लिए कुल 30 लाख रुपये स्वीकृत करने पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा का आभार जताया।

सोलर हाई मास्ट लाइट से जगमगाएगा उखली चौक; ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री सुक्खू का जताया आभार

 

ग्रामीणों ने बताया कि कई वर्षों से उपेक्षित टिक्कर-सनेड़ सड़क के पुनर्निर्माण के लिए मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत 18 लाख रुपये जारी किए गए हैं। वहीं, फाफड़ा मोड़ से फाफड़ा गाँव तक संपर्क मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए 12 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन मार्गों की दशा सुधरने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर भगोट वार्ड के वार्ड पंच लेखराज ने गाँव की अन्य समस्याएँ भी रखीं और विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।

 

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण क्षेत्रों में सुख-सुविधाओं के विस्तार के लिए धन की कमी नहीं आने देते। उखली पंचायत के दोनों संपर्क मार्गों के लिए 30 लाख रुपये की स्वीकृति ग्रामीण विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

 

उन्होंने बताया कि हमीरपुर के प्रवेश बिंदु के रूप में महत्त्वपूर्ण उखली चौक के लिए सोलर हाई मास्ट लाइट भी स्वीकृत की गई है। इसके स्थापित होने से जल्द ही चौक दूधिया रोशनी से जगमगाएगा। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा का उपयोग मुख्यमंत्री के ‘ग्रीन हिमाचल’ के संकल्प को भी आगे बढ़ाएगा।

 

केंद्र पर प्रदेश के साथ सौतेले व्यवहार का आरोप

 

इस अवसर पर डॉ. वर्मा ने केंद्र की मोदी सरकार पर हिमाचल प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश को प्रतिवर्ष लगभग आठ से दस हजार करोड़ रुपये मिलने वाली राजस्व घाटा अनुदान राशि यानी आरडीजी बंद कर दी गई है। उन्होंने इसे ग्रामीण विकास और प्रदेश के हितों पर कुठाराघात बताया।

 

डॉ. वर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2023 और 2025 की आपदाओं के लिए घोषित सहायता राशि केंद्र सरकार ने अब तक प्रदेश को जारी नहीं की है। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी और दबाव के बावजूद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

 

हमीरपुर में स्वास्थ्य शिक्षा के विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने मेडिकल कॉलेज के साथ नर्सिंग कॉलेज, डेंटल कॉलेज और अलाइड हेल्थ साइंसेज कॉलेज को मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया। अलाइड हेल्थ साइंसेज कॉलेज को उत्तर भारत का अपनी तरह का पहला संस्थान बताते हुए डॉ. वर्मा ने कहा कि इन संस्थानों से हमीरपुर सहित पूरे हिमाचल प्रदेश के युवाओं और आम जनता को लाभ मिलेगा।

 

इस दौरान डॉ. वर्मा ने ग्रामीणों को हमीरपुर में चल रहे विकास कार्यों तथा प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी भी दी।

[post-views]