



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा कमलेश कुमारी ने आज भोरंज विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 8, संगरोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण को भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सुना।


इस अवसर पर कमलेश कुमारी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को समाज में हो रहे सकारात्मक कार्यों, प्रेरणादायी उपलब्धियों और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी के महत्व से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाते हैं और नागरिकों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।



उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने, पर्यावरण संरक्षण, वैज्ञानिक नवाचार और आधुनिक तकनीक के जनहित में उपयोग करने पर केंद्रित है। स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों और पारंपरिक व्यवसायों को प्रोत्साहन देना देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।






कमलेश कुमारी ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से संभव है। प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय उत्पादों के उपयोग और सामाजिक सेवा के माध्यम से विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दे सकता है।



उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के विचारों और जनकल्याणकारी संदेशों को जन-जन तक पहुंचाएं तथा समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।





इस अवसर पर समीरपुर मंडल महामंत्री संजीव कुमार, मंडल उपाध्यक्ष मनमोहन, विस्तारक अनिल, ग्राम केंद्र अध्यक्ष ध्यान चन्द, बूथ अध्यक्ष सोमनाथ, प्रधान सुनील, उपप्रधान प्रीतम, सोशल मीडिया संयोजक विवेक परमार, वार्ड सदस्य मंजू एवं पवन, अजय वशिष्ट और पूजा सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











































