प्रवासी हिमाचली परस्पर सहयोग और स्थानीय उत्पादों को दें बढ़ावा: अनुराग सिंह ठाकुर

नई-दिल्ली/विवेकानंद वशिष्ठ:-  पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने रविवार को नई दिल्ली में हिमाचल कल्याण सभा के 55वें वार्षिकोत्सव एवं हिमाचल मेले तथा अखिल भारतीय हिमाचल सामाजिक संस्था संघ, दिल्ली के 107वें अर्धवार्षिक सम्मेलन के समापन समारोह में भाग लिया।

मेहनत, ईमानदारी और भरोसा देश-दुनिया में हिमाचलियों की पहचान: अनुराग सिंह ठाकुर

 

उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रवासी हिमाचलियों को शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचली जहां भी जाते हैं, वहां अपने आप एक मिनी हिमाचल बन जाता है। प्रदेश से बाहर रहने वाले हिमाचलियों ने अपनी मेहनत और ईमानदारी से हिमाचल की टोपी का मान-सम्मान बढ़ाया है।

 

और देश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आज मेहनत, ईमानदारी और भरोसा देश-दुनिया में हिमाचलियों की पहचान बन चुके हैं।

 

हिमाचल प्रदेश भले ही छोटा राज्य है, लेकिन इसकी पहचान और योगदान बहुत बड़ा है। इस प्रदेश ने देश को सैनिक, खिलाड़ी, शिक्षक, वैज्ञानिक और प्रशासनिक अधिकारी देने के साथ सामाजिक, राजनीतिक और अन्य क्षेत्रों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

 

उन्होंने कहा कि दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले हिमाचलियों को केवल अपने करियर तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने कार्यक्षेत्र में हिमाचल की पहचान मजबूत करने और प्रदेश के लिए नए अवसर पैदा करने की दिशा में भी काम करना चाहिए।

 

प्रवासी हिमाचलियों को आपसी सहयोग बढ़ाने के साथ हिमाचल के स्थानीय उत्पादों, पर्यटन और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने में भी योगदान देना चाहिए।

 

सांसद ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प विकसित हिमाचल के बिना पूरा नहीं हो सकता। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ हिमाचल को भी विकसित राज्य बनाने की दिशा में काम करना होगा।

 

इसके लिए गांवों का विकास, युवाओं को रोजगार और नए अवसर, किसानों-बागवानों का सशक्तीकरण तथा पर्यटन के माध्यम से स्थानीय लोगों की आय और रोजगार बढ़ाना आवश्यक है।

 

हिमाचल हमारी जन्मभूमि, संस्कार, परंपरा, पहचान और परिवार है। विरासत के संरक्षण के साथ प्रदेश के विकास का स्पष्ट रोडमैप तैयार करना भी जरूरी है। दुनिया के किसी भी कोने में रहने वाले हिमाचली अपनी क्षमता और योगदान से भारत को समृद्ध एवं शक्तिशाली बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

 

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल एक पहाड़ी राज्य है, इसलिए यहां विकास की प्राथमिकताएं और मानक अन्य राज्यों से अलग हैं।

 

पर्यावरण एवं संस्कृति का संरक्षण करते हुए संतुलित विकास सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हिमालयी राज्यों की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अलग नीति-नियोजन और विकास की आवश्यकता पर जोर दिया है।

 

वर्ष 2014 के बाद पहाड़ी राज्यों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास को गति देने तथा सुविधाओं और संसाधनों को बढ़ाने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की पहाड़ी राज्यों के विकास के प्रति सोच को आगे बढ़ाते हुए केंद्र सरकार हिमाचल सहित अन्य हिमालयी राज्यों की प्रगति के लिए कार्य कर रही है।

 

 

[post-views]