अच्छा नागरिक ही रख सकता है देश के मजबूत भविष्य की नींव: डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- न्यू गुरुकुल पब्लिक स्कूल, गोपाल नगर में आज सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने रिबन काटकर किया। इस शिविर में लगभग सौ विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।

न्यू गुरुकुल स्कूल में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान स्कूल के प्राचार्य श्री रविंद्र पुरी एवं स्टाफ सदस्यों ने डॉ. वर्मा को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने पौधारोपण भी किया। इस गतिविधि में स्कूल प्राचार्य श्री रविंद्र पुरी तथा एनएसएस के सभी स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

 

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि एनएसएस का आदर्श वाक्य ‘मैं नहीं, आप’ हमें निःस्वार्थ सेवा और दूसरों के प्रति संवेदनशील रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस भावना को अपने जीवन में अपनाकर जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक अच्छा नागरिक ही भारत के मजबूत भविष्य की नींव रख सकता है।

 

डॉ. वर्मा ने कहा कि साक्षरता बढ़ने के बावजूद यदि आज भी सरकारों को स्वच्छता अभियान चलाने और लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पड़ रही है, तो हमें अपनी शिक्षा व्यवस्था में नागरिक संस्कारों और व्यावहारिक शिक्षा पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा उत्तीर्ण करना नहीं, बल्कि स्वच्छता, अनुशासन, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन का हिस्सा बनाना भी होना चाहिए।

 

इस अवसर पर डॉ. वर्मा ने विद्यार्थियों के साथ सहज एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संवाद किया। उन्होंने विभिन्न विषयों पर बच्चों के विचार जाने और उनके सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि बच्चों की जिज्ञासा और नए दृष्टिकोण से बड़ों को भी बहुत कुछ सीखने का अवसर मिलता है।

 

कार्यक्रम में पार्षद डॉ. हर्ष कालिया, स्कूल प्राचार्य श्री रविंद्र पुरी, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

[post-views]