डी.ए.वी. के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर चमकाया विद्यालय का नाम, चार पदक जीतकर बढ़ाया गौरव

आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  डी.ए.वी. वरिष्ठ माध्यमिक पब्लिक स्कूल आलमपुर, जिला काँगड़ा, हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों ने डी.ए.वी. राष्ट्रीय स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया।

 

विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए विभिन्न खेल स्पर्धाओं में कुल चार पदक अपने नाम किए।

 

प्रतियोगिता में अंडर-19 मुक्केबाजी (बॉक्सिंग) में सेजल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया, जबकि इसी स्पर्धा में जतीन ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया।

 

वहीं अंडर-14 वुशु प्रतियोगिता में आयुष ने कांस्य पदक हासिल किया। इसके अतिरिक्त अंडर-19 बास्केटबॉल प्रतियोगिता में आयुष्मान ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

 

विद्यार्थियों की इन उपलब्धियों से विद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। उनकी यह सफलता निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। इन खिलाड़ियों ने सिद्ध कर दिया कि सच्ची लगन और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

 

विद्यालय के प्रधानाचार्य  सुरजीत कुमार राणा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

उन्होंने खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों, मार्गदर्शकों एवं अभिभावकों के योगदान की भी सराहना की, जिनके सहयोग और प्रोत्साहन से विद्यार्थियों ने यह उपलब्धि हासिल की।

 

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग एवं खेल भावना का विकास करते हैं। डी.ए.वी. विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्त्व देता है, ताकि विद्यार्थी जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

 

इन होनहार खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने समस्त डी.ए.वी. आलमपुर परिवार को गौरवान्वित किया है। विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि ये खिलाड़ी भविष्य में भी नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर विद्यालय एवं देश का नाम रोशन करते रहेंगे।

[post-views]