



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कैंसर की दवाओं के दाम में 93 प्रतिशत तक की कमी करने के लिए केंद्र की मोदी सरकार का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है।


जारी प्रेस विज्ञप्ति में राजेंद्र राणा ने कहा कि केंद्र सरकार ने 543 में से 397 कैंसर दवाओं के दाम घटाए हैं।



पाल्बोसिक्लिब 125 एमजी जो 40,421 रुपए में मिलती थी, अब सिर्फ 2,730 रुपए में मिलेगी। इसी तरह 100 एमजी 24,505 से घटकर 2,069 रुपए और थायोटेपा 100 एमजी 80,072 से घटकर 7,150 रुपए हो गई है। ये कैंसर से जूझ रहे लाखों गरीब परिवारों के लिए जीवनदान है। केंद्र ने गरीब की आवाज सुनी है।






उन्होंने कहा कि कैंसर के इलाज के 2 ही रास्ते दवा और सर्जरी है। केंद्र ने दवा वाला रास्ता गरीब के लिए खोल दिया, लेकिन प्रदेश सरकार ने दोनों रास्ते बंद करने का काम किया है।



उन्होंने कहा कि पहले सरकारी अस्पतालों में फ्री मिलने वाली सामान्य दवाइयां भी आज मरीजों को बाहर से खरीदनी पड़ रही हैं। हिमकेयर और सहारा जैसी योजनाओं के तहत मरीजों का करोड़ों रुपया लंबित है, जिसके कारण गरीब मरीज को न तो कैशलेस इलाज मिल रहा है और न ही दवाइयां। सरकार ने जन-कल्याण की योजनाओं का ही जनाजा निकाल दिया है।





दूसरा रास्ता सर्जरी का है। प्रदेश सरकार ने करोड़ों के रोबोटिक सिस्टम लगा दिए और उद्घाटन कर फोटो छपवा दी, लेकिन चलाने वाला प्रशिक्षित सर्जन और स्टाफ नहीं दिया।


रोबोटिक सर्जरी का खर्च लाखों में है, जो आम आदमी की पहुंच से कोसों दूर है। मशीनें धूल खा रही हैं और गरीब मरीज आज भी इलाज के लिए बड़े और महंगे निजी अस्पतालों में जाने को मजबूर है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार 40 हजार की दवा 2,700 में देकर गरीब को जिंदगी दे रही है और प्रदेश की कांग्रेस सरकार अस्पतालों में फ्री मिलने वाली दवाइयां तक बंद कर बैठी है। उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा गरीब परिवारों का उपचार सस्ता किया जा रहा है और प्रदेश सरकार लूटने के काम में लगी है।









































