चिह्नित स्थानों पर ही होनी चाहिए पटाखों की बिक्री: एसडीएम

भोरंज/हमीरपुर:- एसडीएम शशिपाल शर्मा ने शुक्रवार को यहां मिनी सचिवालय में उपमंडल स्तर के अधिकारियों और विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके त्योहारी सीजन में सभी आवश्यक प्रबंधों को लेकर व्यापक चर्चा की।

एसडीएम ने कहा कि आने वाले दस दिनों के दौरान दीपावली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर उपमंडल के सभी बाजारों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विशेष ऐहतियात बरतने की आवश्यकता है, ताकि इन सभी त्योहारों को सुरक्षित ढंग से मनाया जा सके।

 

बैठक में उपमंडल के विभिन्न व्यापारिक स्थलों पर पटाखों की बिक्री हेतु सुरक्षित स्थान चिह्नित किए गए तथा पटाखों की बिक्री केवल इन्हीं स्थानों पर करने का निर्णय लिया गया।

एसडीएम ने बताया कि पटाखों की बिक्री के लिए चिह्न्ति स्थानों में सम्मू ताल, बैलग, तरक्वाड़ी में बस्सी रोड पर बड़े मोड़ की पार्किंग, पट्टा में टैक्सी स्टैंड के साथ, लदरौर पुलिस चौकी के साथ खुले स्थान पर, जाहू का खेल मैदान, सुलगवान और मुंडखर के बीच सुनैहल खड्ड के पुल के पास, भरेड़ी के पास राधास्वामी सत्संग भवन धमरोल एवं चैंथ खड्ड पुल और अप्पर भरेड़ी में निजी पार्किंग शामिल है।

 

इनके अलावा अन्य बाजारों में भी कुछ खुले स्थान चिह्न्ति किए जा रहे हैं। पटाखों व आतिशबाजी चलाने के लिए समय सुबह 6 बजे से शाम 10 बजे तक निर्धारित किया गया है।

एसडीएम ने सभी व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि पटाखों की बिक्री केवल चिह्नित स्थानों पर ही हो तथा कोई भी दुकानदार वैध लाइसेंस एवं अनुमति के बगैर पटाखों का भंडारण या बिक्री नहीं करेगा। पटाखों की बिक्री हेतु लाइसेंस एवं अनुमति भोरंज के तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार और जाहू के नायब तहसीलदार द्वारा जारी किए जाएंगे।

एसडीएम ने पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को त्योहारी सीजन के दौरान नियमित रूप से गश्त करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कम शोर, कम धुआं, सुरक्षित और स्वच्छ दिवाली हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

बैठक में तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, नायब तहसीलदार रवि कुमार, पुलिस व अग्निशमन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी और बस्सी, तरक्वाड़ी, पट्टा, भरेड़ी तथा जाहू के व्यापार मंडलों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

 

 

 

[post-views]