



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- मेरा युवा भारत, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश) द्वारा विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन कैरियर प्वाइंट विश्वविद्यालय, हमीरपुर में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ रहा, जिसमें युवाओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनावी सुधारों और देश के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।


कार्यक्रम में कैरियर प्वाइंट विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि हिमाचल प्रदेश ओलंपियन संघ के उपाध्यक्ष श्री नरेंद्र अत्री विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।



प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए निर्णायक मंडल में डॉ. एन.डी. खन्ना, सहायक प्रोफेसर, चंपा ठाकुर, सहायक प्रोफेसर, डॉ. पूनम, सहायक प्रोफेसर, संतोष, सहायक प्रोफेसर तथा सनी, युवा आयोजक शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के विचारों, विषय की समझ, प्रस्तुतीकरण एवं अभिव्यक्ति के आधार पर उनका मूल्यांकन किया।






प्रतियोगिता में ईशान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ऋषिका दूसरे और मुस्कान सोनी तीसरे स्थान पर रहीं। विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।



इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी दीपमाला ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय युवा संसद में जिला हमीरपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।





उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।







