



नादौन/हमीरपुर:- रेशम उत्पादकों और लघु उद्यमियों को रेशम उत्पादन, वित्त पोषण, मार्केटिंग और अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं से अवगत करवाने के लिए बुधवार को यहां एसडीएम कार्यालय के सम्मेलन हॉल में एक कार्यशाला आयोजित की गई।

उद्योग विभाग के रैम्प (रेजिंग एंड एक्सलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस) प्रोजेक्ट के तहत आयोजित इस कार्यशाला में प्रतिभागियों को कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।



इस अवसर पर रेशम विकास अधिकारी निशा ठाकुर और रेशम निरीक्षक अंकित कुमार ने प्रतिभागियों को रेशम उत्पादन से संबंधित तकनीकी जानकारियां साझा कीं और इस क्षेत्र में मौजूद कई संभावनाओं के बारे में बताया।






पंजाब नेशनल बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक मनजीत सिंह, प्रबंधक वैशाली कटोच, उद्योग विभाग के प्रसार अधिकारी सुमन, रैंप प्रोजेक्ट के वरिष्ठ प्रबंधक अश्वनी कुमार शर्मा, प्रबंधक नवीन शर्मा, एग्जीक्यूटिव विनय शर्मा और अन्य अधिकारियों ने भी प्रतिभागियों को बैंकों की विभिन्न ऋण एवं सब्सिडी योजनाओं, मार्केटिंग और अन्य प्रक्रियाओं की जानकारी दी।



उन्होंने कहा कि बैंकों की विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ उठाकर लघु उद्यम स्थापित किए जा सकते हैं। इसके लिए सरकार भी विभिन्न विभागों एवं योजनाओं के माध्यम से सब्सिडी प्रदान करती है।





अपना उद्यम स्थापित करने की इच्छुक लोगों और विशेषकर, महिलाओं को इन ऋण एवं सब्सिडी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।







