



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- मेरा युवा भारत (MY Bharat), हमीरपुर द्वारा एस.वी.एन. बी.एड. कॉलेज में नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट (आस-पड़ोस युवा संसद) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “नशा मुक्त भारत” रही।


इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, सामाजिक मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए मंच प्रदान करना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।




कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य प्रदीप शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर संतोष कुमार भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।






कार्यक्रम के दौरान जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, हमीरपुर दीपमाला ने युवाओं को MY Bharat पोर्टल एवं इसकी विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने सभी उपस्थित युवाओं को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने त्योहार को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने का संदेश भी दिया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी युवाओं को नशा मुक्त भारत के निर्माण की शपथ भी दिलाई।



दीपावली स्नेह मिलन के उपलक्ष्य में एस.वी.एन. बी.एड. कॉलेज की छात्राओं द्वारा आकर्षक रंगोली भी बनाई गई, जिसने कार्यक्रम में उत्सव और रचनात्मकता का रंग भर दिया।





मेरा युवा भारत की ओर से यूथ ऑर्गेनाइजर सनी ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ-साथ उसके पारिवारिक जीवन और सामाजिक संबंधों पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।


वहीं, आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन से अंकित शर्मा एवं अश्वनी कुमार ने ध्यान (मेडिटेशन) के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नियमित ध्यान के अभ्यास से मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने युवाओं को तनाव से निपटने तथा मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बनाए रखने के लिए ध्यान को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान आस-पड़ोस युवा संसद के उद्देश्यों एवं महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई। युवाओं ने नशे की बढ़ती समस्या, सामाजिक चुनौतियों तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका को लेकर विचार साझा किए। इस चर्चा के माध्यम से युवाओं को अपने विचार प्रस्तुत करने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिला।
इसके अतिरिक्त, नशा मुक्ति पर आधारित स्लोगन गतिविधि का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने वाले प्रेरणादायक नारे लिखकर स्लोगन बॉक्स में डाले। इस गतिविधि के माध्यम से युवाओं ने अपनी रचनात्मकता के जरिए समाज को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में जिला युवा अधिकारी द्वारा उपस्थित युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई गई। युवाओं ने नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और समाज को नशे की समस्या से मुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने, सामाजिक मुद्दों पर संवाद को बढ़ावा देने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर युवाओं को एक स्वस्थ, जागरूक, सशक्त एवं नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।




