अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रदेशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं

नई दिल्ली/विवेकानंद वशिष्ठ:-  हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने दीपावली के पावन अवसर पर हिमाचल प्रदेश सहित देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि प्रकाश और खुशियों का यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए।

समीरपुर में समर्थकों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने मनाई दीपावली, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल और जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित अनेक भाजपा नेताओं ने दी बधाई

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि दीपावली का पर्व हमें अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और नकारात्मकता पर सकारात्मकता की विजय का संदेश देता है।

 

यह पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में सहयोग एवं भाईचारे की भावना को आगे बढ़ाने की प्रेरणा भी देता है।

 

उधर, समीरपुर में भी पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल को दीपावली की शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला जारी रहा। इसी क्रम में रविवार को जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अगुवाई में जिला भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने समीरपुर पहुंचकर प्रोफेसर धूमल को दीपावली की बधाई दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

 

इसके उपरांत बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल भी अपने समर्थकों सहित समीरपुर पहुंचे। उन्होंने प्रोफेसर धूमल को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके मंगलमय जीवन, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

 

इस अवसर पर प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दीपावली केवल रोशनी और खुशियों का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी है। यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर, निराशा से आशा की ओर और नकारात्मकता से सकारात्मकता की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है।

 

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और सामाजिक परंपराओं की विशेषता रही है कि यहां त्योहारों को मिल-जुलकर मनाया जाता है। ऐसे अवसर समाज में आपसी विश्वास, आत्मीयता और सहयोग की भावना को और मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और प्रदेशवासियों का स्नेह एवं सम्मान देने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कामना की कि दीपावली सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए।

 

 

[post-views]