



आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- डी.ए.वी. वरिष्ठ माध्यमिक पब्लिक स्कूल आलमपुर, जिला काँगड़ा, हिमाचल प्रदेश में बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, उमंग एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।


कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, रचनात्मकता विकसित करने तथा आपसी सहयोग और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान करना था।



कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक नृत्य प्रस्तुतियाँ दीं तथा विभिन्न खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।






इसके साथ ही विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए सुंदर एवं आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड बनाए।



बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय के चारों सदनों महात्मा आनंद स्वामी सदन, महात्मा हंसराज सदन, स्वामी दयानंद सरस्वती सदन तथा पंडित गुरुदत्त विद्यार्थी सदन के विद्यार्थियों ने “फूड फिस्टा एंड फन मेनिया” थीम के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट खाद्य पदार्थों के आकर्षक स्टॉल लगाए।





इन स्टॉलों में फ्रूट चाट कॉर्नर, चटपटा कॉर्नर, नींबू पानी एवं लस्सी कॉर्नर, चाय कॉर्नर, पकौड़ा एवं चटनी कॉर्नर, सैंडविच कॉर्नर, चटपटी भेलपुरी कॉर्नर, देसी नाश्ता कॉर्नर (पोहा), आलू चाट कॉर्नर तथा चना चाट कॉर्नर विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।


विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं जिम्मेदारी के साथ इन स्टॉलों का संचालन किया और अपनी प्रबंधन क्षमता, टीम भावना तथा उद्यमशीलता का परिचय दिया।
इस आयोजन ने बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान, आत्मनिर्भरता, सहयोग और जिम्मेदारी का महत्व भी समझाया। विद्यालय का वातावरण बच्चों की हँसी, उत्साह और उमंग से गूंज उठा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुरजीत कुमार राणा ने सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का उज्ज्वल भविष्य हैं और उनकी प्रतिभा, रचनात्मकता तथा सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना विद्यालय का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी विद्यार्थियों एवं अध्यापकों की सराहना की।









































