



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- दिव्य आदर्श विद्या पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भोटा, जिला हमीरपुर में बाल दिवस के उपलक्ष्य में बाल मेले का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया।


इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रकार के आकर्षक फूड स्टॉल लगाए गए, जिनमें स्वादिष्ट व्यंजनों की भरपूर विविधता देखने को मिली।




कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत विशेष स्किट ने सभी का मन मोह लिया।







इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने विभिन्न संगीत आधारित मनोरंजक खेलों में भाग लेकर कार्यक्रम को और भी रोचक बना दिया। विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए कला एवं क्राफ्ट स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे, जहां उनकी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा देखने को मिली।



इन स्टॉलों पर विभिन्न प्रकार की सुंदर कलाकृतियों एवं उपयोगी वस्तुओं की बिक्री भी की गई।






इस अवसर पर कक्षा 11वीं की छात्रा अदिति ठाकुर ने बाल दिवस के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं विद्यालय की एमडी सुरभि भारद्वाज ने अपने संबोधन में सभी अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में उनके सहयोग की सराहना की।


विद्यालय की सीएमडी कंचन भारद्वाज ने बाल दिवस के अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए बच्चों को जीवन में अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास एवं अच्छे संस्कार अपनाने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
बाल मेले में सभी शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया तथा विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक उत्पादों एवं कलाकृतियों की खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अंत में पूरा विद्यालय परिसर खुशियों, उमंग और उल्लास से सराबोर नजर आया। यह बाल मेला बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता एवं आपसी सहयोग का सुंदर उदाहरण बना और सभी के लिए यादगार अनुभव साबित हुआ।









































