



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकासनगर में विज्ञान विषय पर दो दिवसीय सीबीएसई क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के 60 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


कार्यक्रम में स्रोत विशेषज्ञ रिसोर्स पर्सन के रूप में सुश्री शालिनी सहोत्रा, पीजीटी जीव विज्ञान तथा श्री भाग सिंह, पीजीटी रसायन विज्ञान ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय अकादमिक प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा एवं विद्यालय के चेयरमैन आर.सी. लखनपाल ने भी कार्यशाला में विशेष रूप से शिरकत की।



इसके अतिरिक्त विद्यालय के उपप्रधानाचार्य अश्विनी कुमार एवं मुख्याध्यापिका श्रीमती कंचन लखनपाल ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।






दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विभिन्न रोचक गतिविधियों, संवादात्मक सत्रों एवं सामूहिक विचार-विमर्श के माध्यम से विज्ञान शिक्षण को अधिक प्रभावशाली एवं रुचिकर बनाने पर विशेष बल दिया गया।



इसमें शिक्षण की आधुनिक पद्धतियों को सुदृढ़ करने, अनुभवात्मक अधिगम को बढ़ावा देने तथा विज्ञान शिक्षण में नवाचारपूर्ण दृष्टिकोण अपनाने से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।





कार्यशाला ने प्रतिभागियों को अपने अनुभव साझा करने, नई शिक्षण तकनीकों को समझने तथा अपनी व्यावसायिक दक्षताओं को विकसित करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान किया।


विभिन्न गतिविधियों एवं सहभागितापूर्ण सत्रों के माध्यम से शिक्षकों को कक्षा-कक्ष में विज्ञान शिक्षण को अधिक व्यावहारिक, रोचक एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का समापन अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। इस आयोजन ने शैक्षणिक उत्कृष्टता, शिक्षकों के निरंतर व्यावसायिक विकास तथा गुणवत्तापूर्ण एवं विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रति हिम अकादमी पब्लिक स्कूल की प्रतिबद्धता को एक बार फिर सुदृढ़ किया।









































