



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भोरंज में आगामी चुनाव को लेकर चर्चा तेज़ है और इसके केंद्र में पवन कुमार का नाम है। एक समाज सेवी के रूप में मेरा संपर्क क्षेत्र के हर कोने के लोगों से रहता है, और मैंने अपने लेख में वही रखा जो जनता के बीच सुना। इसमें मेरा कोई निजी एजेंडा नहीं है।


पवन कुमार का जनाधार किसी एक वार्ड तक सीमित नहीं है। उन्होंने भोरंज के अलग-अलग जिला परिषद वार्डों से चुनाव लड़ा और हर बार जीत हासिल की। यह उनके प्रति जनता के व्यापक विश्वास का प्रमाण है।



यह सही है कि उन्होंने पूर्व में भाजपा प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ा, पर उन्हें जिताने वाले भोरंज के मतदाता ही हैं। लोकतंत्र में न कोई लेखक मतदाता से ऊपर है, न कोई पदाधिकारी।






भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने पवन कुमार को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त बताया। मुझे आश्चर्य है कि यह प्रतिक्रिया कुछ ही घंटों में आ गई, जबकि क्षेत्र में दर्जी नामक व्यक्ति खुलेआम घूम रहे हैं। वे न भोरंज के निवासी हैं और भाजपा प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव भी लड़ चुके हैं।



वे कह रहे हैं कि पार्टी टिकट न दे तब भी चुनाव लड़ेंगे, और आदरणीय प्रेम कुमार धूमल का नाम लेकर स्वयं को उनसे जुड़ा बता रहे हैं।





इन बातों पर संगठन की चुप्पी समझ से परे है। धूमल जी जैसे वरिष्ठ नेता के नाम के दुरुपयोग पर भी कोई स्पष्टीकरण नहीं आया। अनुशासन की बात तभी विश्वसनीय लगती है जब वह सब पर समान रूप से लागू होती दिखे।


संगठन के भीतर निर्णय लेने की बात अपनी जगह सही है, लेकिन संगठन की कुशलता हम पंचायती राज चुनावों में देख चुके हैं। वार्ड संख्या 11, मेहल में भाजपा परिवार की एक प्रत्याशी मज़बूत स्थिति में थीं, फिर भी उन्हें अधिकृत रूप से प्रत्याशी घोषित नहीं किया जा सका। उसका परिणाम सबके सामने है।
एक हिमाचली और समाज सेवी के रूप में मेरा आग्रह इतना ही है कि आम आदमी की आवाज़ को नकारा न जाए, बल्कि सुना जाए। जो निर्णय जनता के मन के क़रीब होंगे, वही भाजपा और हिमाचल प्रदेश दोनों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हितकारी होंगे।









































