



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में जल्द ही एक भव्य ‘अंतरराष्ट्रीय साहित्य महोत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में धौलाधार सृजन भारती के प्रतिनिधिमंडल ने हमीरपुर के माननीय विधायक आशीष शर्मा से शिष्टाचार भेंट की तथा प्रस्तावित महोत्सव की रूपरेखा, उद्देश्य और आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।


इस अवसर पर धौलाधार सृजन भारती की अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमारी के साथ संस्था की कार्यकारिणी के प्रमुख सदस्य विपिन कुमार, नेहा कुमारी, कार्तिक शर्मा, नेहा पटियाल एवं मीनाक्षी उपस्थित रहे।



विधायक आशीष शर्मा ने इस साहित्यिक पहल की सराहना करते हुए आयोजन के लिए अपना पूर्ण सहयोग एवं मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन साहित्य, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को भी अपनी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।






इस अंतरराष्ट्रीय साहित्य महोत्सव का मुख्य उद्देश्य देश-विदेश के प्रतिष्ठित साहित्यकारों, कवियों, लेखकों एवं विचारकों को एक साझा मंच पर लाना तथा हिमाचल प्रदेश की साहित्यिक, सांस्कृतिक और भाषाई पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित करना है।



आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव की तिथि, स्थान एवं विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा शीघ्र ही की जाएगी।
















































