



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- गोपाष्टमी के पावन अवसर पर गौसेवा, गौ संरक्षण और गोवंश के सम्मान का संदेश देते हुए ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया जा रहा है। भारतीय संस्कृति और परंपरा में गाय का विशेष स्थान रहा है।


देशी गोवंश की सुरक्षा, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और गोमाता को राष्ट्रमाता का संवैधानिक सम्मान दिलाने की उठ रही मांग, जनसेवक सुशील ठाकुर की ओर से भी अभियान में दिया जा रहा योगदान




ऐसे में देशी गोवंश की सुरक्षा, संवर्धन और सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा यह अभियान महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया है।







जनसेवक सुशील ठाकुर की ओर से भी इस अभियान में योगदान दिया जा रहा है। उनके माध्यम से गौसेवा और संरक्षण के प्रयासों को जनसहयोग से आगे बढ़ाने का संदेश दिया जा रहा है।




‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ का मुख्य उद्देश्य गौ संरक्षण से जुड़ी मांगों को अहिंसक एवं संवैधानिक तरीके से सरकार तक पहुंचाना है।






अभियान के माध्यम से देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, देशी गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा गोमाता को राष्ट्रमाता अथवा राष्ट्र आराध्या का संवैधानिक सम्मान प्रदान करने की मांग उठाई जा रही है।



अभियान में गौसेवा के लिए केंद्रीय कानून बनाने और केंद्रीय गौसेवा मंत्रालय स्थापित करने की मांग भी शामिल है। इसके अलावा गोचर भूमि की सुरक्षा के लिए गोचर बोर्ड का गठन, चारा सुरक्षा नीति तय करने और गौ आधारित कृषि को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है।
गोबर और गोमूत्र से बनने वाले पंचगव्य उत्पादों के निर्माण एवं विपणन को बढ़ावा देने के साथ-साथ शिक्षा में भी गाय के महत्व को शामिल करने की मांग की गई है। गोपाष्टमी के अवसर पर अभियान से जुड़ा संदेश यही है कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित न रहे, बल्कि इसे सामाजिक जिम्मेदारी और भारतीय परंपरा के संरक्षण से भी जोड़ा जाए।
समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही देशी गोवंश की सुरक्षा और गौसंवर्धन के प्रयासों को मजबूत बनाया जा सकता है। जनसेवक सुशील ठाकुर की ओर से अभियान में दिया जा रहा योगदान भी इसी सामूहिक सहभागिता की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है।









































