



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- शहीद दीपचंद राणा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, धंगोटा में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) शिविर में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।


इस अवसर पर जतिन धीमान ने विशेष रूप से विद्यार्थियों के साथ संवाद किया और उन्हें नशे के दुष्परिणामों, इसके सामाजिक एवं पारिवारिक प्रभावों तथा युवाओं के भविष्य पर पड़ने वाले नकारात्मक असर के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।




इस दौरान जतिन धीमान ने अपने व्यक्तिगत अनुभवों के साथ-साथ अपने मित्रों के अनुभव भी विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने बताया कि युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से उन्होंने 17 जून को नशामुक्ति अभियान की शुरुआत की थी।







इस अभियान के माध्यम से लगभग एक वर्ष के दौरान 20,000 विद्यार्थियों तक नशामुक्ति का संदेश पहुँचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि यह मुहिम लगातार जारी है और भविष्य में इसे और व्यापक स्तर पर ले जाने का लक्ष्य है।




कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ एक विशेष ‘चिट सिस्टम’ गतिविधि भी आयोजित की गई, जिसके माध्यम से उनके भविष्य के सपनों, करियर संबंधी लक्ष्यों और जीवन की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई।






विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी भविष्य की योजनाएँ साझा कीं। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति जागरूक करना और नशे से दूर रहकर अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करना था।


जतिन धीमान ने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक और विशेषकर युवाओं की भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि हमीरपुर को नशामुक्त बनाने के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। जब तक समाज का प्रत्येक युवा नशे के प्रति जागरूक नहीं हो जाता, तब तक यह अभियान थमेगा नहीं।
अंत में उन्होंने विद्यालय प्रशासन, NSS कार्यक्रम के आयोजकों एवं समस्त विद्यार्थियों का इस जागरूकता कार्यक्रम में सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया।
संदेश: नशे से दूरी, सपनों से दोस्ती। संकल्प – नशामुक्त युवा, नशामुक्त हमीरपुर।









































