27 नवंबर को भरेड़ी में होगा उपमंडल स्तरीय रैडक्रॉस मेला

 हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  रैडक्रॉस सोसाइटी की उपमंडलीय इकाई 27 नवंबर को भरेड़ी के खेल मैदान में उपमंडल स्तरीय रैडक्रॉस मेले का आयोजन करने जा रही है। जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से आयोजित किए जा रहे इस मेले के लिए उपमंडल प्रशासन एवं सभी विभागों ने तैयारियां आरंभ कर दी हैं।

निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा

तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा ने मंगलवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके रैडक्रॉस मेले की रूपरेखा तय की। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा।

 

सभी वृत्त पर्यवेक्षक आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से इस स्वास्थ्य जांच शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

 

इसमें क्षेत्र के युवक मंडलों, महिला मंडलों तथा अन्य सामाजिक संगठनों की भी अधिक से अधिक भागीदारी होनी चाहिए। मेले में स्वयंसेवी संस्थाओं और वीनस फाउंडेशन का भी विशेष योगदान रहेगा।

तहसीलदार ने कहा कि मेले के दौरान अधिक से अधिक लोगों को रैडक्रॉस सोसाइटी से जोड़ने तथा उन्हें आजीवन सदस्य या संरक्षक बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि रैडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से गरीब एवं जरुरतमंद लोगों की मदद की जाती है। आम लोग रैडक्रॉस सोसाइटी से जुड़कर इसमें अंशदान कर सकते हैं। इस अंशदान की राशि किसी गरीब एवं जरुरतमंद के लिए बड़ा सहारा साबित हो सकती है।

बैठक में सीडीपीओ सुनील कुमार, नायब तहसीलदार रवि कुमार, कृषि विभाग की एसएमएस मोनिका शर्मा, आईसीडीएस के वृत्त पर्यवेक्षक और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

[post-views]