



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भारतीय जनता पार्टी समीरपुर मंडल अध्यक्ष अभय वीर सिंह लवली ने समाजसेवी प्रकाश चंद शर्मा द्वारा मीडिया के माध्यम से जारी बयानों को भाजपा संगठन के आंतरिक मामलों में पूरी तरह अप्रासंगिक बताते हुए कहा कि पार्टी के प्रत्याशियों के चयन और विधानसभा चुनावों में टिकट वितरण का अधिकार पूरी तरह पार्टी संगठन और केंद्रीय नेतृत्व के पास है।

पार्टी हाईकमान विभिन्न पहलुओं, संगठन के प्रति समर्पण, कार्यकर्ताओं के योगदान, चुनावी प्रदर्शन और जीतने की क्षमता का आकलन करने के बाद ही प्रत्याशी का निर्णय लेता है। ऐसे संवेदनशील संगठनात्मक विषयों पर बाहरी व्यक्तियों द्वारा सिफारिशें करना उचित नहीं है।



अभय वीर सिंह लवली ने भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि यदि पवन कुमार को विधानसभा चुनाव में भाजपा की टिकट पर अपनी दावेदारी प्रस्तुत करनी है।






तो उन्हें पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया और संगठनात्मक व्यवस्था के माध्यम से अपनी बात रखनी चाहिए, न कि समाजसेवी प्रकाश चंद शर्मा जैसे बाहरी माध्यमों से अपनी पैरवी करवानी चाहिए।



उन्होंने कहा कि प्रकाश चंद शर्मा को भोरंज विधानसभा क्षेत्र के राजनीतिक इतिहास और पार्टी के प्रति पवन कुमार की भूमिका पर भी आत्ममंथन करना चाहिए। वर्ष 1990 के बाद लगातार जीत दर्ज करती आ रही भाजपा को विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा तो इसके लिए पवन कुमार की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।





वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भी पवन कुमार के चुनाव मैदान में उतरने से कांग्रेस को लाभ पहुंचा और भाजपा की संभावनाओं को नुकसान हुआ। 2022 के विधानसभा चुनावों में तो पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा।


उन्होंने कहा कि पवन कुमार बार-बार भाजपा के आधिकारिक प्रत्याशियों के विरुद्ध चुनाव लड़ते रहे हैं, ऐसे में उन्हें पार्टी का स्वाभाविक दावेदार बताकर उनकी पैरवी करना कार्यकर्ताओं की भावनाओं के विपरीत है।
लवली ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी समीरपुर मंडल अपने जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे व्यक्तियों के लिए टिकट की मांग करने वालों को ऐसी पैरवी बंद करनी चाहिए। भाजपा हमेशा अपने समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी रही है और भोरंज विधानसभा क्षेत्र का आम कार्यकर्ता भी यही चाहता है कि पार्टी का टिकट संगठन के लिए दिन-रात मेहनत करने वाले निष्ठावान कार्यकर्ता को मिले, न कि उन लोगों को जो समय-समय पर पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशियों के विरुद्ध चुनाव लड़ते रहे हैं।
प्रकाश चंद शर्मा द्वारा पवन कुमार की पृष्ठभूमि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी होने के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए अभय वीर सिंह लवली ने कहा कि संघ की विचारधारा से वास्तविक रूप से जुड़े व्यक्ति से यह अपेक्षा नहीं की जा सकती कि वह भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव मैदान में उतरे। संघ और भाजपा के इतिहास में ऐसा कोई उदाहरण नहीं मिलता, जहां संघ की विचारधारा के प्रति समर्पित व्यक्ति ने भाजपा के आधिकारिक प्रत्याशी को हराने के उद्देश्य से चुनाव लड़ा हो। यदि पवन कुमार वास्तव में संघ की विचारधारा के प्रति समर्पित होते तो उन्हें भाजपा प्रत्याशियों के विरुद्ध चुनाव लड़ने के बजाय पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्य करना चाहिए था।

उन्होंने दोहराया कि भाजपा में सर्वोपरि संगठन है और संगठन का निर्णय ही प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए अंतिम एवं सर्वमान्य होता है।








































