



भोरंज/हमीरपुर:- बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत भोरंज उपमंडल की ग्राम पंचायत गरसाहड़ में वर्ष 2025-26 में जन्म के समय बेहतर लिंगानुपात हासिल करने पर एक विशेष सम्मान कार्यक्रम एवं शिविर का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत प्रधान अर्णव जमवाल ने की। इस अवसर पर उपप्रधान विकास कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी भोरंज सुनील कुमार, वृत्त पर्यवेक्षक सरोजा देवी, वृत्त पर्यवेक्षक अभिषेक ठाकुर, खंड समन्वयक अक्षय महाजन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, तथा ग्राम वासियों सहित कुल 70 लोग उपस्थित रहे।



इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी ने पंचायत को बेहतर लिंगानुपात के लिए पंचायत को स्मृति चिन्ह प्रदान किया। कार्यक्रम में वर्ष 2025-26 में जन्मी छोटी बच्चियों को उपहार दिए गए। बच्चियों के माता-पिता को भी बधाई दी गई तथा फल भी वितरित किए गए।






अपने संदेश में बाल विकास परियोजना अधिकारी सुनील कुमार ने कहा कि गरसाहड़ पंचायत ने वर्ष 2025-26 में बेहतर लिंगानुपात हासिल कर पूरे खंड में मिसाल कायम की है। यह सफलता गांव के लोगों की बदली हुई सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बेटी बोझ नहीं, बल्कि परिवार और समाज की शान है। बेटी के जन्म पर खुशी मनानी चाहिए और बेटा-बेटी में कोई भेदभाव नहीं करना चाहिए।



उन्होंने कहा कि बेहतर लिंगानुपात के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, और ग्रामीणों का सहयोग सराहनीय है। उन्होंने सभी लोगों से भ्रूण हत्या के खिलाफ एकजुट होने और बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।





शिविर में महिलाओं को बेटियों के स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, शिक्षा और इन्दिरा गांधी सुख सुरक्षा योजना और अन्य विभागीय योजनाओ की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के अंत में सभी ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संकल्प भी लिया।











































