



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन विभाग, हिमाचल प्रदेश के तत्वावधान में निर्वाचन साक्षरता क्लब (Electoral Literacy Club) के माध्यम से आयोजित निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय, हमीरपुर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।


18 नवंबर को बॉयज़ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हमीरपुर में आयोजित जिला स्तरीय निर्वाचन साक्षरता प्रतियोगिता में महाविद्यालय के चार विद्यार्थियों ने टॉप-10 में स्थान हासिल कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। ये विद्यार्थी महाविद्यालय स्तर पर आयोजित निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में सफल रहे थे।



महाविद्यालय स्तर पर आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की मेघना राणा ने प्रथम तथा पायल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की साक्षी कौशल ने प्रथम तथा अंकित ने द्वितीय स्थान हासिल किया।






महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता सिंह ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक चेतना, निर्वाचन प्रक्रिया की समझ तथा जागरूक मतदाता बनने की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।



निर्वाचन साक्षरता क्लब के समन्वयक प्रो. हरकंवल सवरूप शर्मा ने बताया कि महाविद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन एवं परिणाम निर्धारण में निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निर्णायक मंडल में प्रो. प्रशांत, डॉ. संजीव, प्रो. राजिंदर दर, डॉ. अमित, प्रो. संजय एवं प्रो. अरुण लाल शामिल रहे।





इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व, मतदाता अधिकारों, चुनावी प्रक्रिया तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना है।











































