



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने शनिवार को नगर निगम हमीरपुर के विभिन्न वार्डों में जाकर निगम द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निगम के वरिष्ठ अधिकारियों से इन कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट ली और इन्हें गति प्रदान करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बिझड़ी की ग्राम पंचायत बल्ह बिहाल और दंदवीं तथा सीनियर सेकेंडरी स्कूल कश्मीर का भी किया दौरा




उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हमीरपुर शहर के लिए स्वीकृत सभी विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और इनमें गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। गंधर्वा राठौड़ ने अधिकारियों को हमीरपुर शहर के लिए विभिन्न योजनाओं के प्रारूप इस शहर की भविष्य की जरुरतों के अनुरूप ही तैयार करने के निर्देश दिए।







उन्होंने शहर में बनाए जा रहे 5 नए पार्कों के निर्माण कार्यों और प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत निर्माणाधीन 47 मकानों की प्रगति की समीक्षा भी की। उपायुक्त ने शहर के भोटा चौक और हथली खड्ड के पास बहुमंजिला पार्किंग, बैंक्वेट हॉल एवं मार्केट के निर्माण और भोटा चौक के पास ही दो किताबी कॉर्नरों एवं डिजिटल लाइब्रेरी के निर्माण की संभावनाओं के बारे में भी अधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की।



इस अवसर पर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा और अन्य अधिकारियों ने जिलाधीश को विभिन्न विकास कार्यों और भविष्य के लिए संभावित योजनाओं से अवगत करवाया।





जिलाधीश ने शनिवार को ही नादौन उपमंडल की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कश्मीर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने स्कूल के प्रधानाचार्य और शिक्षकों से विभिन्न सुविधाओं की जानकारी ली तथा इनमें आवश्यक सुधार के लिए दिशा-निर्देश जारी किए।


इसके बाद उन्होंने विकास खंड बिझड़ी की ग्राम पंचायत बल्ह बिहाल और दंदवीं में वीबी जीरामजी योजना और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधियों और कामगारों से संवाद करके विभिन्न कार्यों के बारे में फीडबैक लिया तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।









































