



आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- डी.ए.वी. वरिष्ठ माध्यमिक पब्लिक स्कूल, आलमपुर, जिला काँगड़ा, हिमाचल प्रदेश में कक्षा तीसरी से पाँचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए अंतर-सदनीय ‘वर्ड विज़र्ड्स’ प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया।


इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की अंग्रेज़ी शब्दावली, भाषा-ज्ञान, सही उच्चारण, वर्तनी तथा भाषाई कौशल को विकसित करना था।




प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों महात्मा आनंद स्वामी सदन, महात्मा हंसराज सदन, स्वामी दयानंद सरस्वती सदन तथा पंडित गुरुदत्त विद्यार्थी सदन के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा एवं भाषाई दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया।







प्रतियोगिता को चार रोचक चरणों में विभाजित किया गया था, जिनमें विद्यार्थियों ने शब्दों के अर्थ, सही वर्तनी, उच्चारण तथा अंग्रेज़ी भाषा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में अपनी योग्यता का परिचय दिया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास, एकाग्रता और टीम भावना के साथ प्रत्येक चरण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।




प्रतियोगिता में चारों सदनों स्वामी दयानंद सदन से अयांश, नित्या एवं पार्शव, आनंद स्वामी सदन से आकर्ष, हर्षवर्धन एवं अर्णव शर्मा, पंडित गुरुदत्त विद्यार्थी सदन से शरण्या, जीनल एवं आदित्य पंवार व महात्मा हंसराज सदन से वृष्टि, प्रिशिता एवं सारिका ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया |






प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आनंद स्वामी सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता सदन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि पंडित गुरुदत्त विद्यार्थी सदन उपविजेता रहा।


विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुरजीत कुमार राणा ने अपने सन्देश में सभी प्रतिभागियों के प्रयासों एवं प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियाँ विद्यार्थियों के शब्द-भंडार को समृद्ध करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता सदनों को बधाई देते हुए सभी विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।











































