अंक केवल आंकड़े हैं, बच्चों की प्रतिभा और भविष्य का पैमाना नहीं: डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अमरोह का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़ी धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

 

मुख्य अतिथि के आगमन पर अमरोह क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं, प्रधान रामचंद एवं उपप्रधान सहित स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने फूल-मालाओं से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

 

तत्पश्चात विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राकेश वर्मा एवं समस्त विद्यालय स्टाफ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया। दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। विद्यार्थियों ने अपनी धमाकेदार एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि बच्चों के भविष्य को संवारने में शिक्षकों की मेहनत, समर्पण एवं योगदान की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

डॉ. वर्मा ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जी के नेतृत्व में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 100 स्कूलों को सीबीएसई बोर्ड के अंतर्गत शुरू किया गया है तथा आगामी शैक्षणिक सत्र से 155 और विद्यालयों को सीबीएसई बोर्ड के अंतर्गत लाया जा रहा है।

 

उन्होंने बताया कि सीबीएसई विद्यालयों के लिए हजारों शिक्षकों की नियुक्तियां की गई हैं तथा आगामी दो महीनों में चार हजार और शिक्षकों की नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का एकमात्र ध्येय है कि प्रदेश के बच्चे बेहतर से बेहतरीन शिक्षा प्राप्त करें, आत्मविश्वास से लबरेज रहें और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता हासिल करें।

 

डॉ. वर्मा ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों पर अधिक अंक प्राप्त करने का अनावश्यक मानसिक दबाव न बनाएं। प्रत्येक बच्चे में अलग-अलग प्रतिभाएं और क्षमताएं होती हैं। परीक्षा में कम अंक प्राप्त करना जीवन की असफलता नहीं है।

 

उन्होंने कहा कि **अंक केवल आंकड़े हैं, इन्हें बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास का पैमाना बनाकर उनके मनोबल को कमजोर न करें।** बच्चों की दूसरों से तुलना करने के बजाय उनकी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करें। चाहे शिक्षा का क्षेत्र हो, खेलकूद हो अथवा अन्य गतिविधियां, एकाग्रता, कार्यकुशलता, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास ही जीवन में सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।

 

डॉ. वर्मा ने कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों को मिलकर ऐसा सकारात्मक वातावरण तैयार करना चाहिए, जिसमें कोई भी बच्चा परीक्षा में कम अंक आने के कारण निराश होकर आत्मघाती कदम उठाने के बारे में न सोचे। बच्चों को यह विश्वास दिलाना आवश्यक है कि परीक्षा के अंक उनके अनमोल जीवन से अधिक मूल्यवान नहीं हैं।

 

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से विद्यालय की प्रतिभा का परिचय दिया।

 

इस अवसर पर ग्राम पंचायत के प्रधान कुलभूषण, उपप्रधान अश्वनी कुमार, जटेड़ी पंचायत के उपप्रधान ज्योति शर्मा, पूर्व बीडीसी सदस्य सिकंदर कुमार, कैप्टन विक्रम, संजय ठाकुर, पूर्व उपप्रधान राजकुमार, डॉ. रघुवीर राणा, सूबेदार ऋषि चंद, पूर्व प्रधान वीना देवी, समाजसेविका स्नेहा शर्मा, राजेश कुमार, कुलदीप कुमार, सेवानिवृत्त एसडीओ कुलदीप सिंह, विद्यालय प्रबंधन समिति की उपाध्यक्ष, शिक्षकगण, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

[post-views]