



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- बड़सर में आयोजित विकास समीक्षा बैठक को लेकर विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए इसे सरकारी नियमों की खुली अवहेलना और राजनीतिक दबाव में प्रशासनिक व्यवस्था के दुरुपयोग का गंभीर मामला बताया है।

स्थानीय विधायक को विकास समीक्षा बैठक से बाहर रखना लोकतांत्रिक मर्यादाओं और सरकारी दिशा-निर्देशों का खुला उल्लंघन, डीसी और एसडीएम जवाब दें—भोरंज के विधायक को बड़सर की बैठक में बुलाने का अधिकार किस नियम ने दिया?



उन्होंने कहा कि बड़सर के निर्वाचित विधायक को बैठक से बाहर रखना और दूसरे विधानसभा क्षेत्र के विधायक को बुलाकर बड़सर के विकास पर चर्चा करवाना न केवल सरकारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है, बल्कि बड़सर की जनता के जनादेश का सीधा अपमान भी है।






लखनपाल ने उपायुक्त हमीरपुर और एसडीएम बड़सर की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकार के अपने आदेशों में संबंधित विधानसभा क्षेत्र के विधायक को समीक्षा समिति का अध्यक्ष बनाने का स्पष्ट प्रावधान है, तो बड़सर में इस व्यवस्था को किसके दबाव और किसके इशारे पर तोड़ा गया? प्रशासन बताए कि भोरंज के विधायक सुरेश कुमार को बड़सर की विकास समीक्षा बैठक में बुलाने का औचित्य क्या था और स्थानीय विधायक को निमंत्रण तक क्यों नहीं दिया गया?



उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के योजना विभाग द्वारा 25 फरवरी 2026 को जारी संशोधित दिशा-निर्देशों में उपमंडल स्तरीय योजना, विकास एवं 20-सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति की अध्यक्षता संबंधित विधानसभा क्षेत्र के विधायक को सौंपने का स्पष्ट प्रावधान है। एसडीएम को सदस्य सचिव तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को समिति के सदस्य बनाया गया है। इसके बावजूद बड़सर में सरकारी आदेशों को ताक पर रखकर मनमर्जी की व्यवस्था लागू करना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।






लखनपाल ने कहा कि प्रशासन का काम कानून और सरकारी आदेशों के अनुसार व्यवस्था चलाना है, न कि राजनीतिक आकाओं को खुश करने के लिए सरकारी नियमों को कुचलना। यदि 25 फरवरी के आदेशों की जानकारी अधिकारियों को थी, तो जानबूझकर उनका उल्लंघन क्यों किया गया? यदि जानकारी नहीं थी, तो इतने महत्वपूर्ण सरकारी आदेशों से अनभिज्ञ रहने वाले अधिकारियों की जवाबदेही कौन तय करेगा?


उन्होंने उपायुक्त और एसडीएम से सीधे सवाल पूछते हुए कहा कि बड़सर की समीक्षा बैठक में भोरंज के विधायक सुरेश कुमार को किस नियम, किस अधिकार और किस आदेश के तहत आमंत्रित किया गया? स्थानीय विधायक को बाहर रखने का निर्णय किस अधिकारी ने लिया? क्या बैठक की रूपरेखा सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार तैयार की गई थी या राजनीतिक निर्देशों के आधार पर? प्रशासन को इन सवालों का जवाब देना ही होगा।

लखनपाल ने कहा कि बड़सर की जनता ने अपना विधायक चुना है, किसी दूसरे विधानसभा क्षेत्र के विधायक को बड़सर का प्रतिनिधित्व करने का अधिकार नहीं दिया। स्थानीय विधायक को दरकिनार कर दूसरे क्षेत्र के विधायक को बुलाना बड़सर के जनादेश का अपमान है। विकास समीक्षा बैठकें जनता की समस्याओं और सरकारी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा के लिए होती हैं, न कि राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने और सरकार की नाकामियों पर पर्दा डालने के लिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि बड़सर में विकास की वास्तविक स्थिति पर चर्चा करने के बजाय सरकार और प्रशासन राजनीतिक मंच सजाने में जुटे हैं। क्षेत्र में पेयजल की समस्या, सिविल अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाएं, नाबार्ड की लंबित डीपीआर, क्रिटिकल केयर यूनिट, बदहाल सड़कें, पेंशन और परिवहन जैसी समस्याएं आज भी जनता को परेशान कर रही हैं। चार साल की सरकार इन समस्याओं का समाधान नहीं कर पाई और अब विकास समीक्षा के नाम पर राजनीतिक बयानबाजी का सहारा लिया जा रहा है।

लखनपाल ने कहा कि सरकारी आदेश किसी राजनीतिक सुविधा के लिए बदलने या चुनिंदा लोगों के लिए लागू करने की चीज नहीं हैं। यदि प्रशासन ने जानबूझकर दिशा-निर्देशों की अनदेखी की है, तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। अधिकारी किसी राजनीतिक व्यक्ति के इशारे पर सरकारी व्यवस्था चलाने के लिए नहीं, बल्कि जनता, संविधान और कानून के प्रति जवाबदेह हैं।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बड़सर की जनता के जनादेश को कमजोर करने, स्थानीय विधायक को अपमानित करने और सरकारी आदेशों की मनमानी व्याख्या करने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन को स्पष्ट करना होगा कि बड़सर में सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ाने का फैसला किसके निर्देश पर लिया गया। जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं से खिलवाड़ करने वालों को जवाब देना होगा—बड़सर कोई राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं है, जहां सरकार और प्रशासन अपनी मनमर्जी चला सकें।








































