



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- डॉ. राधाकृष्णन राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय (आरकेजीएमसी) हमीरपुर की एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक शुक्रवार को प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

जिसमें महाविद्यालय के अधिकारियों के अलावा प्रशासनिक और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों, विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों तथा हॉस्टल संचालकों ने भी भाग लिया।



इस अवसर पर रैगिंग रोधी प्रबंधों की समीक्षा करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती ने संस्थान के अधिकारियों, विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों और हॉस्टल संचालकों को अलर्ट रहने तथा किसी भी तरह संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए।






उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी हॉस्टलों और पीजी के आस-पास नियमित रूप से गश्त लगाने की अपील की।



डॉ. रमेश भारती ने जोल सप्पड़ में कॉलेज के नए कैंपस में भी रैगिंग रोधी बोर्ड एवं हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।






उन्होंने कहा कि संस्थान के अलग-अलग बैच के विद्यार्थियों के बीच आपसी संवाद एवं सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए नियमित रूप से खेल प्रतियोगिताएं और अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने फैकल्टी मैंबर्स और विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों को इन गतिविधियां की सूची तैयार करने के निर्देश दिए।


समिति के सदस्यों ने वर्ष 2025 के बैच के विद्यार्थियों को पिछले माह किए गए पांच-पांच हजार रुपये के जुर्माने में ढील देते हुए जुर्माना राशि को 1000 रुपये तक घटाने का निर्णय भी लिया। बैठक में अन्य मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर आरकेजीएमसी के अतिरिक्त निदेशक संजीव शर्मा, आरकेजीएमसी अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. देशराज और अन्य अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।











































